एमपी में महिलाएं पीती हैं सबसे ज्यादा शराब : जीतू पटवारी

Join Us

-प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा लाड़ली बहनों को शराबी बताना दुर्भाग्यपूर्ण : मुख्यमंत्री मोहन यादव
-महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस की संस्कृति : विश्वास सारंग
भोपाल (निप्र)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के एक बयान को लेकर मध्य प्रदेश में सियासी बवाल खड़ा हो गया है. उन्होंने कहा कि शराब की सबसे ज्यादा खपत अगर कहीं है तो मध्य प्रदेश में है. उन्होंने ये भी कहा कि देश में सबसे ज्यादा प्रदेश की महिलाएं शराब पीती हैं. उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों के नाम पर वोट लेते हैं और बहनें-बेटियां नशा करती हैं. बीजेपी ने ऐसा प्रदेश बना दिया है. उन्होंने कहा कि ड्रग्स के मामले में पंजाब को भी मध्य प्रदेश ने पीछे छोड़ दिया है. ड्रग्स का कारोबार किस तरह से एमपी में फैल रहा है, उस पर प्रदेश की बीजेपी सरकार को विचार करना चाहिए। मंत्री विश्वास सारंग ने जीतू पटवारी के इस बयान पर कहा कि महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस की संस्कृति है. उन्होंने सवाल किया कि क्या जीतू पटवारी आंकड़े इटली से लेकर आए हैं? एमपी की बहन-बेटियों को इस तरह से बदनाम करना बहुत आपत्तिजनक है. अब प्रियंका गांधी कहां हैं? जो कहती थीं लडक़ी हूं लड़ सकती हूं।
इस तरह महिलाओं का अपमान हो रहा है और सोनिया प्रियंका गांधी मूकदर्शक बनी देख रही हैं. कांग्रेस ने हर समय महिलाओं का अपमान और उत्पीडऩ किया है. इस तरह सम्पूर्ण महिला वर्ग को शराब से जोडऩा और एमपी को बदनाम करना आपत्तिजनक और खेदपूर्ण है. अगर कांग्रेस का आधिकारिक बयान नहीं आता तो यह माना जाएगा कि यह कांग्रेस की मूल संस्कृति है. कांग्रेस को इसका खंडन करना चाहिए, प्रियंका और सोनिया गांधी को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए. यह संपूर्ण महिला वर्ग का अपमान है. इस तरह से प्रदेश की महिलाओं को बदनाम करना आपत्तिजनक है. वहीं सीएम मोहन यादव ने भी जीतू पटवारी के बयान पर आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा लाड़ली बहनों को शराबी बताना दुर्भाग्यपूर्ण है. बहनों का ये अपमान प्रदेश बर्दाश्त नहीं करेगा. इस तरह का बयान देना जीतू पटवारी की छोटी मानसिकता है. इसके साथ ही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी बयान को शर्मनाक बताया है. हेमंत खंडेलवाल ने जीतू पटवारी से माफी मांगने की मांग की है. राज्यसभा सांसद व भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया ने कहा कि जीतू पटवारी की महिला विरोधी टिप्पणी की घोर निंदा करती हूं. उन्होंने कहा जीतू पटवारी को होश में रहकर बयानबाजी करना चाहिए।

Previous articleवोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुईं प्रियंका गांधी, बिहार कांग्रेस का दावा- बन गया माहौल
Next articleअब हल्की राहत नाकाफी