अभियान के क्रियान्वयन में माखननगर को प्रदेश स्तर पर मिला 8वां स्थान
नर्मदापुरम/ भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नर्मदापुरम जिले में लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के दिशा-निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गेहलोत के मार्गदर्शन में हाल ही में सेंट्रल जेल खंड-अ नर्मदापुरम, बालिका छात्रावास जुमेराती चौक एवं संभागीय ज्ञानोदय छात्रावास में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कैदियों, छात्र-छात्राओं एवं संस्था के स्टाफ की टीबी स्क्रीनिंग की गई। संभावित मरीजों का चेस्ट एक्स-रे जिला क्षय केंद्र द्वारा कराया गया तथा पॉजिटिव पाए गए मरीजों को तत्काल उपचार प्रक्रिया में सम्मिलित कर दिया गया है।
स्वास्थ्य शिविरों में जिला क्षय अधिकारी डॉ. प्रियंका दुबे, डीपीसी विशेष दुबे, एसटीएस हेमंत अग्रवाल, एनएमए गोविंद सराठे, वर्षा शर्मा, जीवन कटारे, श्याम वर्मा तथा सैंपल कलेक्शन हेतु ऋतिक सक्रिय रूप से मौजूद रहे। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते माखननगर ब्लॉक ने प्रदेश स्तर पर 8वां स्थान प्राप्त किया है, जो जिले के लिए गर्व का विषय है।
आगामी दिनों में यूपीएचसी इटारसी, पीएचसी जमानी एवं बालिका छात्रावास नेहरू पार्क, नर्मदापुरम में भी टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में अन्य स्वास्थ्य जांचों के साथ कुष्ठ रोग की जांच भी की जा रही है।







