मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने किश्तवाड़ में बादल फटने से प्रभावित लोगों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की

Join Us

श्रीनगर (ए.)। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को किश्तवाड़ जिले के चिसोटी गांव में हाल में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की। आपदाग्रस्त गांव के दौरे के दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता और तत्काल राहत के उपाय के रूप में मुख्यमंत्री राहत कोष से वित्तीय सहायता की घोषणा की तथा उन्हें दीर्घकालिक सहायता का आश्वासन भी दिया। अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार दोपहर बादल फटने से हुई तबाही का प्रत्यक्ष जायजा लिया जिसमें 60 लोग मारे गए, 100 से अधिक घायल हुए और 82 अन्य लापता हो गए। अब्दुल्ला ने कहा कि आपदा में जान गंवाने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। संरचनात्मक क्षति के लिए मुख्यमंत्री ने पूरी तरह से क्षतिग्रस्त घरों के लिए एक लाख रुपये, गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए 50,000 रुपये और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त संरचनाओं के लिए 25,000 रुपये की घोषणा की। अब्दुल्ला के साथ उनके सलाहकार नासिर असलम वानी, जिला विकास परिषद की अध्यक्ष पूजा ठाकुर, इंद्रवाल के विधायक प्यारेलाल शर्मा और रामबन के विधायक अर्जुन सिंह राजू, पूर्व मंत्री सज्जाद अहमद किचलू, जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक और संभागीय आयुक्त, किश्तवाड़ के उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा अन्य वरिष्ठ नागरिक और पुलिस अधिकारी भी थे।

 

Previous articleमुंबई में बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त, भूस्खलन से दो की मौत
Next articleजिले में 1 जून से आज दिनांक 17 अगस्त तक 959.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज