विद्यार्थियों के शत प्रतिशत नामांकन की समय अवधि में की जाए सुनिश्चित
कर्मचारियों को समयमान वेतनमान, पेंशन आदि अन्य स्वत्वों का भुगतान समय पर किया जाए
कमिश्नर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर्स को दिये निर्देश
नर्मदापुरम/ हर घर तिरंगा अभियान के तहत संभाग के तीनों जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान अवधि में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी भी संभागीय कार्यालय को उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महामहिम राज्यपाल के पचमढ़ी प्रवास के लिए समस्त तैयारियां समय पर पूरी की जाए। एसीएस बैठक के दौरान चिन्हित किए गए सभी बिंदुओं की अद्यतन जानकारी निर्धारित पोर्टल पर अपडेट किया जाना भी सुनिश्चित किया जाए। उक्त निर्देश कमिश्नर श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने सोमवार को आयोजित कलेक्टर्स वीसी के माध्यम से तीनों जिले के कलेक्टर को दिए। उन्होंने निर्देश दिए की कक्षा 1 से 12वीं तक समस्त विद्यार्थियों का शत प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। इसी के साथ विद्यार्थियों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति के असफल भुगतान की रिप्रोसेस कर विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप उपलब्ध कराई जाए। कमिश्नर श्री तिवारी ने निर्देश दिए कि आगामी एक दिवस में विद्यार्थियों के नामांकन की प्रक्रिया को पूरी कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही का प्रस्ताव तैयार कर संभागीय मुख्यालय प्रेषित किया जाए। उन्होंने कहा कि पाठ्य पुस्तक वितरण में भी शेष बचे हुए अंतर को शीघ्र पूरा कर शत प्रतिशत पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया जाए। कमिश्नर श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान निर्देश दिए की जिला स्तरीय परामर्शदात्री समितियां की बैठक समय-समय पर आयोजित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समयमान वेतनमान पेंशन एवं अन्य स्वत्वों का भुगतान निर्धारित समय सीमा अवधि में किया जाए। जिन कर्मचारियों के पेंशन आदि स्वत्वों के प्रकरण विभागीय जांच के कारण लंबित है उनमें शीघ्र जांच पूरी कर संबंधितों को भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान कमिश्नर श्री तिवारी ने कहा कि शासन की योजना एवं अभियानों का धरातल पर सफल क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभाग के जिला अधिकारियों द्वारा नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं एवं अभियानों के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति तथा ब्लॉक लेवल अधिकारियों द्वारा दिए गए फीडबैक में भिन्नता पाई जाती है इसलिए जिला अधिकारी सप्ताह में नियमित भ्रमण कर दूरस्थ ग्रामों एवं पंचायत का निरीक्षण करें। उन्होंने कलेक्टर को निर्देश दिए की वह भी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करें।
कमिश्नर श्री तिवारी ने निर्देश दिए की समग्र और आधार ईकेवाईसी में गति बढ़ाई जाने की आवश्यकता है इसके लिए ग्राम पंचायत सचिव रोजगार सहायक वार्ड प्रभारी के साथ संबंधित सीईओ एवं सीएमओ लगातार रिव्यू करें। कमिश्नर श्री तिवारी ने नजूल लीज नवीनीकरण की प्रगति बढ़ाई जाने के निर्देश भी दिए। कमिश्नर ने निर्देश दिए की आरसीएमएस पोर्टल पर नवीनीकरण के प्रकरणों को दर्ज किया जाए जिससे उनका समय सीमा में निराकरण किया जा सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान कमिश्नर श्री तिवारी ने निर्देश दिए कि उद्यानिकी विभाग अंतर्गत कुल खरीफ
रकबे की जानकारी विभाग द्वारा करवाए जा रहे सर्वे अवधि के दौरान गिरदावरी में अद्यतन किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए की जिलों में अनयुटिलाइज शासकीय भवनों में ऐसे कार्यालय को शिफ्ट किया जाना सुनिश्चित किया जाए जिनकी इमारतें पुरानी एवं कमजोर हो चुकी है। कलेक्टर्स सुनिश्चित करें कि अपने अधीनस्थ अमले द्वारा ऐसे खाली पड़े शासकीय भवनों को चिन्हित किया जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान कलेक्टर नर्मदापुरम सुश्री सोनिया मीना, कलेक्टर बैतूल श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी, कलेक्टर हरदा श्री सिद्धार्थ जैन सहित अन्य अधिकारी ऑनलाईन एवं कमिश्नर कार्यालय के एनआईसी कक्ष से संयुक्त आयुक्त श्री जी.सी दोहर ऑफलाइन उपस्थित रहे।






