नर्मदापुरम/ विश्व आदिवासी दिवस का आयोजन केसला ब्लॉक में बड़े उत्साह और सांस्कृतिक उमंग के साथ किया गया। एकलव्य फाउंडेशन एवं ओरेकल इंडिया के वित्तीय सहयोग से संचालित 15 शिक्षा प्रोत्साहन केंद्रों और 4 टेमिल केंद्रों के लगभग 367 बच्चों ने इस अवसर पर विविध सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत रंग-बिरंगी रैली से हुई, जिसमें बच्चों ने आदिवासी संस्कृति और अधिकारों को लेकर जनजागरूकता संदेश दिए। इसके पश्चात बच्चों ने पारंपरिक गोंडी गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। मेहंदी सजाने और चित्रकारी प्रतियोगिता में बच्चों की रचनात्मकता और प्रतिभा देखने लायक रही। इस अवसर पर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। बच्चों को उनके संघर्ष और बलिदान की कहानियाँ सुनाई गईं, जिससे उनमें गर्व और प्रेरणा की भावना जागृत हुई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने नारों और पोस्टरों के माध्यम से अपनी संस्कृति को सहेजने और आगे बढ़ाने का संदेश दिया। आयोजन में ग्रामीण समुदाय और अभिभावकों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम में एकलव्य टीम केसला की सक्रिय भूमिका रही, वहीं स्थानीय युवाओं ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।






