मुंबई,(ए)। मायानगरी मुंबई में शुक्रवार सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश होने से कई इलाकों में जलभराव हो गया है। सुबह-सुबह दफ्तर जाते वक्त तेज बारिश से ट्रैफिक और लोकल ट्रेनों की रफ्तार भी थोड़ी सुस्त है। अंधेरी ईस्ट में भारी बारिश के कारण जलभराव हुआ है। इसकारण अंडरपास बंद किया गया है। बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स इलाके में भी मूसलाधार बारिश हो रही है। मुंबई में अगले कुछ दिनों तक मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
बता दें कि आईएमडी ने शुक्रवार सुबह के वक्त मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना जाहिर की थी। वहीं, 27 जुलाई तक हाई टाइड (ऊँची समुद्री लहरें) की चेतावनी दी है। जुहू बीच, मरीन ड्राइव और अन्य समुद्री तटीय क्षेत्रों में जाने से मना किया गया है। हाई टाइड के समय समुद्र की लहरें 4.5 मीटर (लगभग 15 फीट) तक ऊंची हो सकती हैं। इससे निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा बना हुआ है।लगातार बारिश को देखकर मुंबई पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। मुंबई और आसपास के जिलों में भारी बारिश के कारण नागरिकों को सलाह दी गई है कि जब तक बहुत ज़रूरी न हो, घर के अंदर ही रहें, तटीय इलाकों से बचें और सावधानी से गाड़ी चलाएं।








