अलास्का (आरएनएस) । अमेरिका का अलास्का राज्य सोमवार को फिर से भूकंप के तेज झटकों से दहल गया। खबर है कि तटीय क्षेत्र में आए इस भूकंप की तीव्रता 6.2 रही। जिस कारण लोग अपने घरों से बाहर आ गए है। इसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है।भूकंप के कारण किसी भी प्रकार के जानमाल के नुक्सान की जानकारी फिलहाल नहीं है। बता दें कि इससे पहले 17 जुलाई को भी अलास्का में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। एनसीएस यानी नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी की तरफ से चेतावनी जारी की गई है। इससे पहले अलास्का ने साल 1964 में सबसे भीषण भूकंप का सामना किया था, जिसकी तीव्रता 9 से ज्यादा रही थी। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे ने जानकारी दी है कि भूकंप स्थानीय समयानुसार 12 बजकर 37 मिनट पर आया। इसका केंद्र 87 किमी दूर सैंड पॉइंट शहर के दक्षिण में 20 किमी नीचे था। अलास्का के पामर स्थित नेशनल सुनामी वार्निंग सेंटर की तरफ से कहा गया है, ‘सुनामी की पुष्टि हो गई है और कुछ असर हो सकता है।’ मार्च 1964 में अलास्का में उत्तर अमेरिका में अब तक का सबसे ताकतवर भूकंप दर्ज किया गया था। तब भूकंप की तीव्रता 9.3 दर्ज की गई थी। खबर है कि तब सुनामी और भूकंप के चलते 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। अलास्का प्रायद्वीप में जुलाई 2023 में 7.2 तीव्रता का भूकंप आया था। हालांकि, कुछ झटकों के अलावा कोई बड़ा नुकसान दर्ज नहीं किया गया था।








