अहमदाबाद प्लेन क्रैश : जांच में ‘इलेक्ट्रिक फायर’ का खुलासा, उड़ान के 26 सेकंड बाद ही शुरू हो गई थी गड़बड़ी

Join Us

नई दिल्ली(आरएनएस)। गत 12 जून को अहमदाबाद में उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया के विमान AI-171 की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच टीम को बोइंग ड्रीमलाइनर विमान के पिछले हिस्से यानी पूंछ (टेल सेक्शन) में एक सीमित इलेक्ट्रिक आग के सबूत मिले हैं, जिससे यह आशंका गहरा गई है कि हादसे की वजह विमान की बिजली प्रणाली में आई कोई बड़ी खराबी हो सकती है।
विमान का टेल सेक्शन मुख्य दुर्घटना और ईंधन विस्फोट में अपेक्षाकृत कम क्षतिग्रस्त हुआ था। जांच में इस हिस्से के कुछ इलेक्ट्रिक पार्ट्स में आग लगने के संकेत मिले हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह आग उड़ान के दौरान लगी हो सकती है, जो विमान की मुख्य बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी की ओर इशारा करती है। टेल सेक्शन से बरामद सभी उपकरणों को आगे की जांच के लिए अहमदाबाद में सुरक्षित रखा गया है।
जांच टीम को विमान का पिछला ब्लैक बॉक्स (फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर) बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की छत से मिला था, लेकिन वह आग में इतनी बुरी तरह जल चुका था कि उससे डेटा निकालना संभव नहीं हो सका। हालांकि, 16 जून को मलबे से बरामद हुए आगे वाले ब्लैक बॉक्स से 49 घंटे की उड़ान जानकारी और क्रैश से ठीक पहले की दो घंटे की ऑडियो रिकॉर्डिंग सफलतापूर्वक निकाल ली गई है।
जांच में यह भी पता चला है कि हादसे वाली उड़ान से ठीक पहले, दिल्ली से अहमदाबाद आई फ्लाइट (AI-423) के दौरान विमान के स्टेबलाइजर पोजीशन ट्रांसड्यूसर (STAB POS XDCR) में खराबी दर्ज की गई थी। यह पुर्जा विमान के टेल सेक्शन में ही स्थित होता है। हालांकि, अहमदाबाद में मेंटेनेंस टीम ने इसे ठीक करने का दावा किया था, लेकिन अब यह जांच के केंद्र में है।
इस थ्योरी को हादसे में एकमात्र जीवित बचे यात्री विश्वाशकुमार रमेश के बयान से भी बल मिलता है, जिन्होंने बताया था कि टेक-ऑफ के बाद केबिन की लाइटें बार-बार बंद हो रही थीं।
विमान का सहायक पावर यूनिट , जो टेल सेक्शन में ही होता है, सुरक्षित पाया गया है। डेटा से पता चला है कि हादसे के समय ्रक्क अपने आप ऑटो-स्टार्ट मोड में सक्रिय हो गया था, जो इस बात का एक और मजबूत संकेत है कि विमान की मुख्य बिजली प्रणाली फेल हो गई थी और दोनों इंजनों को ईंधन की आपूर्ति कुछ ही सेकंड में बंद हो गई थी।

Previous articleआज का राशिफल
Next articleपीएम मोदी के नेतृत्व में भारत बनी चौथी आर्थिक महाशक्ति : नायब सिंह सैनी