हितग्राहियों को बताया गया फलोद्यान के लाभ व योजनाओं से मिलने वाले फायदे
नर्मदापुरम/ नर्मदापुरम मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत द्वारा आज दिनांक 15 जुलाई को जनपद पंचायत माखननगर एवं जनपद पंचायत सोहागपुर की ग्राम पंचायतों का जमीन स्तर से भ्रमण कर एक बगिया मां के नाम अभियान की प्रगति की समीक्षा की गयी। सीईओ जिला पंचायत रावत द्वारा ग्राम पंचायत महेन्द्रवाड़ी, नया संकई, पढ़ाई आदि में उपस्थित होकर ग्रामीण आजीविका मिशन की स्वसहायता समूह की महिलाओं के साथ बैठक कर चर्चा की गयी। श्री रावत द्वारा महिलाओं को एक बगिया मां के नाम अभियान की अवधारणा, उसके लाभ एवं किये जाने वाले कार्य से अवगत कराया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा बताया गया कि इस अभियान के तहत ग्रामीण आजीविका मिशन के समूह की महिला जो 0.5 एवं 1 एकड़ भूमि में फलोद्यान विकसित करने हेतु इच्छुक है, उन्हें मनरेगा योजना से फलोद्यान का लाभ दिया जायेगा। मनरेगा योजना के द्वारा पौधों की सुरक्षा हेतु फलोद्यान वाले क्षेत्र में कटीले तारों से फेंसिंग करायी जायेगी। पौधों की सिंचाई हेतु पानी का कुण्ड बनाया जाएगा एवं क्लस्टर के रूप में फलोद्यान विकसित किया जायेगा। उन्होने यह भी बताया कि इस अभियान में पौधों एवं सामग्री की राशि का भुगतान हितग्राही को स्वयं ही किया जायेगा। कलस्टर के रूप में फलोद्यान विकसित होने पर पौधों की देखरेख हेतु प्रशिक्षित कृषि सखी द्वारा लगातार भ्रमण किया जायेगा। फलों के आने पर उनका उचित दर पर विक्रय सुनिश्चित किया जायेगा। यह भी बताया गया कि हितग्राही चाहे तो उक्त भूमि पर इन्टर क्रॉपिंग के तहत सब्जी अथवा अन्य किसी फसल की पैदावार भी कर सकते हैं। सीईओ श्री रावत द्वारा हितग्राहियो को ड्रिप सिंचाई व सोलर पैनल से विद्युत सप्लाई की योजना से भी अवगत करवाया गया
सीईओ जिला पंचायत द्वारा जिले की केसला ब्लाक में क्ल स्ट र के रूप में मनरेगा योजना के तहत आम के फलोद्यान की जानकारी भी समूह की महिलाओं को दी गयी एवं बतलाया गया कि किस तरह केसला में आम का क्लनस्टभर विकसित किया गया है। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं सहायक यंत्री को निर्देश दिये गये कि हितग्राही चयन में पारदर्शिता रखी जावे। शीघ्र हितग्राहियों का चयन सुनिश्चित किया जाए एवं हितग्राही चयन होने के उपरांत सिपरी ऐप से तत्काल यह सुनिश्चित कर लिया जाये कि किस क्षेत्र में किस फलोद्यान का क्लस्टर विकसित किया जायेगा। साथ ही कृषि सखी एवं चयनित महिलाओं के प्रशिक्षण के निर्देश दिये गये। इस दौरान जनपद पंचायत माखननगर व सोहागपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।







