लाहौर ( आरएनएस)। विमानों से पक्षियों के टकराने (बर्ड हिट) की बढ़ती घटनाओं और इससे होने वाले संभावित हादसों को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। लाहौर के अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को हर दिन सुबह के व्यस्त समय में तीन घंटे के लिए बंद रखा जाएगा। यह फैसला 1 जुलाई से 15 सितंबर तक प्रभावी रहेगा। पाकिस्तानी मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार, एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सभी एयरलाइनों को इस फैसले की सूचना दे दी है। जारी किए गए नोटाम के मुताबिक, लाहौर एयरपोर्ट पर रोजाना सुबह 5 बजे से 8 बजे तक विमानों का संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा।
अथॉरिटी का कहना है कि यह वह समय होता है जब आसमान में पक्षियों की गतिविधियां सबसे अधिक होती हैं, जिससे विमान के टेकऑफ या लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट का खतरा काफी बढ़ जाता है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम यात्रियों और विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। उनका मानना है कि इस फैसले से आने वाले समय में हादसों की आशंका को कम किया जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि मॉनसून के मौसम में हवाई अड्डों के आसपास पक्षियों की संख्या बढ़ जाती है, जो विमानों के इंजन के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। गौरतलब है कि पाकिस्तान में विमानन सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। मई 2020 में कराची के जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें लगभग 100 लोगों की जान चली गई थी। हालांकि उस दुर्घटना का कारण मानवीय भूल बताया गया था, लेकिन उसके बाद से विमानन सुरक्षा नियमों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। लाहौर एयरपोर्ट का यह फैसला इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








