10 मिनट में 26,000 फीट नीचे गिरा जापान एअरलाइंस का विमान; यात्रियों ने सुनाई आपबीती

Join Us

शंघाई ( आरएनएस)। चीन के शंघाई से जापान के टोक्यो जा रही जापान एयरलाइंस की फ्लाइट सोमवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गई। उड़ान के दौरान बोइंग 737 विमान अचानक संतुलन खो बैठा और महज 10 मिनट में 26,000 फीट नीचे गिर गया। इस भयावह पल में विमान में सवार 191 यात्रियों की सांसें थम सी गईं। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, विमान 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था, जब अचानक उसमें तकनीकी समस्या आई और वह तेजी से नीचे गिरने लगा। 10,500 फीट की ऊंचाई पर पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह विमान पर नियंत्रण पाया और उसे ओसाका स्थित कनसाई एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करवाई।घटना के दौरान विमान में अफरा-तफरी मच गई। क्रू मेंबर्स ने यात्रियों को ऑक्सीजन मास्क पहनने के निर्देश दिए, लेकिन घबराहट में कई यात्रियों ने मास्क को उतार फेंका। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर इस डरावने अनुभव को साझा करते हुए लिखा कि शरीर तो यहां है, लेकिन मन अब भी वहीं अटका है। ऐसा लगा जैसे अब जीवन खत्म हो जाएगा।
सभी यात्री सुरक्षित, जांच शुरू
इस हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ। सभी यात्रियों को सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। उन्हें एक रात के लिए ठहरने की व्यवस्था दी गई और 15,000 येन (लगभग 104 डॉलर) का मुआवजा दिया गया। विमान हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
बोइंग 737 पर उठे सवाल
गौरतलब है कि इससे पहले भी बोइंग 737 दो बार बड़े हादसों का शिकार हो चुका है। पिछले वर्ष दक्षिण कोरिया के मुआन में इस मॉडल का विमान लैंडिंग के दौरान क्रैश हुआ था, जिसमें 179 यात्री सवार थे।

Previous articleपूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को छह महीने की सजा का ऐलान, इस मामले में पाई गई दोषी
Next articleपाकिस्तान का बड़ा कदम: लाहौर एयरपोर्ट पर अब हर दिन इतने घंटे विमानों की आवाजाही रहेगी बंद