अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अंतर्गत सहकारी सोसाइटियों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन

Join Us

नर्मदापुरम/ यूनेस्को द्वारा वर्ष 2025 को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में 1 से 6 जुलाई तक जिले की सभी सहकारी सोसाइटियों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उपायुक्त सहकारिता श्री शिवम मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 5 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस तथा 6 जुलाई को सहकारिता मंत्रालय की स्थापना की चौथी वर्षगांठ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इन कार्यक्रमों के अंतर्गत पैक्स, मार्केटिंग सोसाइटीज, गृह निर्माण सोसाइटीज, बीज सोसाइटीज सहित अन्य सहकारी संस्थाओं में वृक्षारोपण, नए सदस्यों का पंजीयन, बोर्ड बैठक एवं आमसभा, ऑडिट से संबंधित प्रशिक्षण, कृषकों के लिए संगोष्ठी, सहकारी मेले एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।

विद्यालयों और महाविद्यालयों में सहकारिता के संबंध में निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं, ताकि युवाओं में सहकारिता के सिद्धांतों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

सहकारी बैंक में खाता खुलवाने हेतु विशेष शिविर

परस्पर सहयोग के सिद्धांत को प्रोत्साहित करते हुए दुग्ध एवं मत्स्य सोसाइटीज के सदस्यों के खाते सहकारी बैंकों में खोले जा रहे हैं। इस हेतु 5 जुलाई को बैंक शाखाओं में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

आज जिले की सभी पैक्स में वृक्षारोपण किया गया, जिसमें सहकारिता विभाग एवं बैंक के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। उपायुक्त सहकारिता श्री शिवम मिश्र ने भोपाल दुग्ध संघ के सोनारपुर चिलिंग सेंटर पर दुग्ध सोसाइटी के सदस्यों को सहकारिता के सिद्धांतों की जानकारी दी तथा चिलिंग सेंटर का भ्रमण भी कराया।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अंतर्गत जिले में सहकारिता के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता हेतु ऐसे कार्यक्रमों का उत्साहपूर्वक आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग सहकारी आंदोलन से जुड़ सकें और इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

Previous articleराजस्व  एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक 04 जुलाई को
Next articleसड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचायें और 25 हजार रूपये पायें