मिशन कर्मयोगी पोर्टल पर समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए : सोजान सिंह रावत

Join Us

नवीन ग्रामीण एवं नगरी निकायों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य रूप से की जाए

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने समय सीमा की बैठक के दौरान विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

नर्मदापुरम/  सोमवार को आयोजित समय सीमा की बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री सौजान सिंह रावत ने जल गंगा संवर्धन अभियान, मिशन कर्मयोगी, ईऑफिस, मूंग उपार्जन, सीएम हेल्पलाइन आदि की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्‍यक दिशा निर्देश दिए।

समय सीमा की बैठक के दौरान श्री रावत ने निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं नगरीय निकायों में आवास एवं अन्य किसी भी नवीन निर्माण के लिए रेन वॉटर हार्वेस्टिंग तकनीक स्थापित कराई जाए। श्री रावत ने समय सीमा के दौरान कर्मयोगी भारत मिशन पोर्टल के विषय मे जानकारी देते हुए बताया की कर्मयोगी भारत मिशन पोर्टल, भारत सरकार द्वारा सरकारी कर्मचारियों के लिए एक ऑनलाइन प्रशिक्षण मंच है। इसका उद्देश्य सरकारी अधिकारियों को उनकी भूमिकाओं के लिए आवश्यक कौशल और ज्ञान प्रदान करके, उन्हें अधिक प्रभावी और कुशल बनाना है। यह पोर्टल सरकारी कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के पाठ्यक्रम, वेबिनार और अन्य प्रशिक्षण सामग्री तक पहुंच प्रदान करता है, प्रशिक्षण के पश्चात प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाता है| कर्मयोगी प्लेटफॉर्म सरकारी कर्मचारियों को व्यापक ऑनलाइन प्रशिक्षण के माध्यम से अपने ज्ञान, कौशल और क्षमताओं को बढ़ाने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है। श्री रावत ने इस पोर्टल पर अधिक पंजीयन कर, इस पर प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए।

समय-सीमा की बैठक में जिले में मूंग उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि मूंग पंजीयन की अंतिम तिथि के उपरांत उपार्जन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारी उपार्जन केंद्रों के प्रस्ताव समय पर प्रेषित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला प्रबंधक वेयर हाउसिंग को निर्देशित किया कि मूंग उपार्जन हेतु निर्धारित वेयरहाउसों का निरीक्षण एवं सत्यापन कार्य पूर्व नियोजित तरीके से किया जाए, ताकि उपार्जन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

      श्री रावत ने ई ऑफिस के तहसील एवं विकासखंड स्तर पर क्रियान्वयन के संबंध में जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस को निर्देश दिए की जिन कर्मचारियों की ईएमडी रिपोर्ट प्राप्तष हो चुकी है उन कार्यालयों की ई ऑफिस पर ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि विकासखंड स्तरीय कार्यालय में भी ई ऑफिस के माध्यम से ही पत्राचार किया जाना सुनिश्चित करें। तत्संबंध में सभी संबंधित अधिकारी कड़ाई से इसका पालन किया जाना सुनिश्चित करें।

समय सीमा की बैठक के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सौजान सिंह रावत ने वर्षा काल के दौरान संक्रामक एवं मौसमी बीमारियों की तैयारी के लिए सीएमएचओ नर्मदापुरम को निर्देशित किया की आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं का पूर्व नियोजित ढंग से प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी शासकीय व अशासकीय स्कूल छात्रावास एवं अन्य जर्जर भवनों का निरीक्षण कर एवं शीघ्र अतिशीघ्र मरम्मत किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया की शिक्षण संस्थान परिसर के आसपास पूर्ण साफ सफाई रखी जाए,साथ ही वर्षा काल में जहरीले जीव जन्तुओ से सुरक्षा के आवशयक व्यवस्था की जाए जिससे किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोका जा सके। उन्होंने समस्त एसडीएम, को निर्देशित किया की  स्कूल एवं आंगनवाड़ी का निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था साफ सफाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।  सीईओ श्री रावत ने दूषित भोजन या पानी के सेवन के कारण भोजन विषाक्तता, दस्त, उल्टी अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिए भोजन तथा पेयजल की गुणवत्ता पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। समय सीमा की बैठक के दौरान वर्षा काल में ब्‍लैक आउट की समस्या से निपटने के लिए बिजली विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया कि बारिश के दौरान सभी शैक्षणिक व अन्य स्थानों पर बिजली की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। समय सीमा की बैठक के दौरान श्री रावत ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए की अभियान के अंतिम चरण में सभी प्रगतिरत कार्यों को पूर्ण रूप देने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के तहत किए जा रहे विकास कार्यों की गति बनाए रखें और समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

समय सीमा की बैठक के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट श्री बृजेंद्र रावत, डिप्टी कलेक्टर डॉ बबीता राठौड़ सहित अन्य जिलाधिकारी गण उपस्थित रहे।

Previous articleतीन दिन से बार बार हो रही झमाझम मानसूनी बारिश
Next articleजिले की दैनिक वर्षा की जानकारी