पमरे मुख्यालय एवं तीनों मंडलों में मनाया गया 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Join Us

योग दिवस पर महाप्रबंधक सहित रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किया योग अभ्यास

जबलपुर  । माननीय प्रधानमंत्री के द्वारा वर्ष 2015 से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत हुई, जिसे सम्पूर्ण विश्व में प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है। पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय में महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय के निर्देशन में एवं जबलपुर, भोपाल, कोटा तीनों मंडलों में मंडल रेल प्रबंधकों के मार्गदर्शन में शनिवार 21 जून 2025 को पूरे जोर शोर से 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योगाभ्यास शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए इस वर्ष योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ के लिए योग” (Yoga for One Earth, One Health) विषय पर अपने विचारों से मार्गदर्शन दिया। सभी को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि योग एक वैज्ञानिक, वैश्विक तथा पंथ निरपेक्ष जीवन पद्धति है। योग एक अच्छा व्यायाम है, योग अभ्यास में शरीर, मन और आत्मा का संतुलन बनाने में हमारे शरीर के अंगों का एक साथ उपयोग होता है, इसके साथ ही उन्होंने सभी को नियमित योग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री प्रमोद कुमार खत्री, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री नीरज कुमार, प्रमुख मुख्य अभियंता श्री आशुतोष, प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता श्री एकनाथ मोहकर, प्रधान वित्त सलाहकार सुश्री मनजीत कौर, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री कुशाल सिंह, प्रमुख मुख्य यांत्रिक अभियंता श्री एम. विजय कुमार, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री एस डी पाटीदार एवं मण्डल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा सहित उप महाप्रबंधक श्री अनुराग पाण्डेय और अन्य विभागाध्यक्षों एवं पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारीगण तथा रेल अधिकारियों ने योग अभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जबलपुर के योग प्रशिक्षक और सहयोगियों द्वारा योग एवं आसन से होने वाले लाभ तथा उनका महत्व बताते हुए योग अभ्यास कराया गया।
पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय सहित तीनों मण्डलों एवं दोनों कारखानों के 30 से अधिक स्थानों पर योग दिवस अत्यंत उत्साह के साथ मनाया गया। साथ ही पमरे में संचालित रेलवे स्कूलों में भी योग दिवस का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त पश्चिम मध्य रेल के प्रमुख स्टेशनों पर योग से संबंधित वीडियो क्लिपिंग, ऑडियो अनाउंसमेंट एवं जिंगल द्वारा पैसेंजर एवं कर्मचारियों को योग करने हेतु प्रेरित किया गया है। इस तरह पूरे पश्चिम मध्य रेल पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री एस डी पाटीदार द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी/कल्याण द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्मिक विभाग का सराहनीय योगदान रहा।

Previous articleहितकारिणी वुमेन्स कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन में गणित शिक्षण में रचनावाद विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन
Next articleविद्युत कंपनियों ने संयुक्त रूप से मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस