जिले में 17 जून से 05 जुलाई तक 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा
नर्मदापुरम/ माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी की द्वितीय परीक्षा 17 जून 2025 से 5 जुलाई 2025 तक प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। यह परीक्षाएं जिले के कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होंगी। परीक्षा की सुचारु एवं सुरक्षित संचालन हेतु कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना द्वारा कलेक्टर प्रतिनिधियों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा सामग्री का वितरण कलेक्टर द्वारा अधिकृत प्रतिनिधि, तहसील नर्मदापुरम नगर के श्री देव शंकर धुर्वे के मार्गदर्शन में किया जाएगा। यह सामग्री सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित रूप से पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित कलेक्टर प्रतिनिधियों को सौंपी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नर्मदापुरम तहसील अंतर्गत 5 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसी प्रकार तहसील इटारसी अंतर्गत 1, तहसील माखननगर अंतर्गत 2, तहसील सोहागपुर अंतर्गत 4, तहसील पिपरिया अंतर्गत 2, तहसील बनखेड़ी अंतर्गत 1, तहसील सिवनी मालवा अंतर्गत 3 एवं तहसील इटारसी केसला अंतर्गत 1 केंद्र निर्धारित किये गये है। कलेक्टर सुश्री मीना ने निर्देशित किया है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा केंद्रों से 100 गज की परिधि में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति या अवांछित गतिविधि न हो।







