भोपाल। नेहरू नगर स्थित विज्ञान भवन में आयोजित CCLB समर कैंप-25 का आज उत्साहपूर्ण समापन हुआ। इस शिविर में 30 प्रतिभागियों ने रोबोटिक्स और IoT आधारित नवाचार प्रोजेक्ट्स का निर्माण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (MPCST) के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी थे। उन्होंने छात्रों के नवाचारों का अवलोकन करते हुए उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर शोध और प्रयोग के लिए प्रेरित किया। डॉ. कोठारी ने कहा, “यह कार्यशालाएं बच्चों में वैज्ञानिक सोच और आत्मनिर्भरता को जन्म देती हैं।” विशेष अतिथि विज्ञान भारती के श्री विवस्वानजी हेबालकर ने भारतीय वैज्ञानिकों के शोध कार्यों पर अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया। Connect Shiksha के विशेषज्ञों की मदद से छात्रों ने मिनी ड्रोन, जेस्चर कंट्रोल कार, स्पाई कैमरा रोबोट, स्मार्ट डस्टबिन, सर्विलांस कार, ऑब्स्टेकल अवॉइडेंस कार और रोबोटिक हैंड जैसे सात तकनीकी प्रोजेक्ट्स बनाए। इस कार्यक्रम की सफलता में MPCST के संयुक्त परियोजना निदेशक डॉ. मनोज राठौर और वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी डॉ. भूपेश सक्सेना का सक्रिय मार्गदर्शन सराहनीय रहा। साथ ही, सेंटर फॉर क्रिएटिव लर्निंग (CCL) की टीम – इंजीनियर पंकज गोदारा, करण सिंह भिंडे, ब्रिजमोहन, नीलू काछी और अंजलि पांडे – ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई समारोह का समापन प्रतिभागियों और विशेषज्ञों को प्रमाण पत्र वितरण के साथ हुआ।








