रागी जत्थों का हुआ आगमन, रातभर हुई गुरु का लंगर पकाने की कारसेवा
जबलपुर / शहीदों के सरताज, शांति के पुंज, सिख धर्म के प्रथम शहीद, पंचम गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के पवित्र 419 वें शहीदी दिवस के अवसर पर आज दिनांक 30 मई दिन शुक्र वार को गुरुद्वारा गुरुनानक दरबार गोरखपुर में भव्य कीर्तन दरबार आयोजित किया जाएगा । मुख्य आयोजन यहां खुले पंडाल में प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2.45 बजे तक तथा शाम 7 बजे से रात्रि 11.30 बजे तक नगर की समस्त सिख संगत के सहयोग से आयोजित किया जाएगा । जिसमें श्री दरबार साहिब अमृतसर पंजाब के विख्यात हुजूरी रागी जत्था भाई सिमरन जीत सिंह, भाई बलजीत सिंह, भाई सतनाम सिंह गुरुवाणी मीमांसक ज्ञानी हरविंदर सिंह, गंगानगर, राजस्थान एवं स्त्री सत्संग सभा गोरखपुर सहित अनेक विद्वतजन शिरकत करेंगे। गुरु का लंगर एवं कच्ची लस्सी छबील का दिनभर वितरण किया जाएगा । प्रधान साहब सरदार रजिंदर सिंह छाबड़ा, हरजीत सिंह सूदन, मनप्रीत सिंह आहूजा, गुरदीप सिंह सलूजा, नंद सिंह जस्सल एवं गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने साध संगत से सहयोग एवं उपस्थिति की अपील की है।
शहीदी दिवस के तहत नगर के मुख्य गुरुद्वारों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के श्रृंखलाबद्ध अखंड पाठ साहिब एवं स्त्री सत्संग सभा के नेतृत्व में नारी शक्ति द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब में अंकित गुरु अर्जनदेव जी की पवित्र गुरुवाणी श्री सुखमणि साहिब जी का चालीस दिवसीय सामूहिक जप तप सहज पाठ आरम्भ हो गया है । आयोजन हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मानसून के मद्देनजर यहां तिरपाल युक्त विशाल पंडाल का निर्माण भी किया गया है।
साध संगत द्वारा जहां आज रातभर कार सेवा के साथ श्रद्धापूर्वक गुरु का लंगर तैयार किया गया वहीं आयोजन में शिरकत करने हेतु रागी जत्थे एवं प्रचारकणों का नगर आगमन हो गया है ।
उपनगरीय क्षेत्र वेस्टलैंड खमरिया में भी आज गुरु अर्जन देव जी का शहीदी दिवस समारोह कीर्तन दरबार और गुरु का लंगर आदि के साथ मनाया जाएगा।
सिख नारी मंच द्वारा गुरुवार की सुबह इकबाल भवन में शहीदी दिवस पर कीर्तन दरबार लगाकर गुरु का लंगर पंगत में वितरित किया गया। यहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष श्रद्धालुओं ने माथा टेककर अपनी श्रद्धा भक्ति का इजहार किया । स्त्री सत्संग द्वारा यहां गुरुवाणी गायन के साथ गुरु वंदना की गई । तदोपरांत अरदास और कड़ाह प्रसाद वितरित किया गया।








