खंडवा (आरएनएस)। आदिवासी महिला से गैंगरेप और फिर उसकी हत्या के मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीडि़त परिवार से बात की है। उन्होंने मृतक महिला के बेटे से घटना के बारे में जानकारी ली। बुधवार को झाबुआ से विधायक और आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया खंडवा में पीडि़त परिवार से मिलने उनके गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने मोबाइल पर पीडि़त परिवार के सदस्य से राहुल गांधी की बात कराई। राहुल गांधी ने पीडि़त परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया से कहा कि आप इन्हें सपोर्ट करें। मदद लगे तो प्लीज मुझे बताना। राहुल गांधी ने गैंगरेप पीडि़ता महिला के बेटे से पूछा कि, घटना कैसे हुई, कौन लोग थे, क्या उन्हें जेल हो गई है। इस पर पीडि़ता के बेटे ने कहा, ‘गांव में शादी समारोह था और इसी बीच मां महिला रिश्तेदारों को छोडऩे खेत पर गई थी। उनके साथ गांव के सुनील और हरि ने दुष्कर्म किया और फिर हत्या कर दी। दोनों आरोपी अभी जेल में हैं।दरअसल, 24 मई को जिले के खालवा थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला (45) उसके पड़ोसी के घर में बेहोश हालत में मिली थी। उसे तेज ब्लीडिंग हो रही थी और प्राइवेट पार्ट से बच्चेदानी बाहर निकली थी। महिला ने बेटे-बहू के सामने दम तोड़ दिया था। महिला ने परिजन को बताया था कि पड़ोस में रहने वाले दो युवकों ने उसके साथ गलत काम किया है। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर है।








