29 मई से 12 जून तक कियान्वित होगा अभियान

Join Us

विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025

 किसानों को दी जाएगी उन्नत कृषि तकनीक की जानकारी

नर्मदापुरम/ उप संचालक किसान कल्‍याण तथा कृषि विकास नर्मदापुरम ने बताया कि  कृषि को और अधिक उन्नत एवं विकसित बनाने के लिए जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। 29 मई 2025 की सुबह जनप्रतिनिधिगण द्वारा प्रचार वाहन रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। यह अभियान खरीफ मौसम प्रारंभ होने से पहले 29 मई से 12 जून 2025 तक जारी रहेगा। इस अभियान में केंद्रीय योजनाओं एवं म.प्र. सरकार की प्रमुख योजनाओं. कृषि वैज्ञानिकों द्वारा विकसित की गई नवीन उन्नत कृषि तकनीकियों तथा कृषकों द्वारा कृषि में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी, पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित कर कृषि वैज्ञानिकों, कृषि एवं संबंद्ध विभाग के अधिकारियों, कृषि उद्यमी एवं प्रगतिशील कृषकों के द्वारा किसान भाईयों को दी जायेगी।

जिले में अभियान के प्रभावी संचालन एवं किसानों को जानकारी देने के लिए जिला कलेक्टर द्वारा विकासखण्डवार 04 दलों का गठन किया गया है। इस दल में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद / कृषि महाविद्यालय/कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिकों, कृषि, कृषि अभियांत्रिकी, उद्यानिकी, पशुपालन, बीज प्रमाणीकरण, पंचायत, राजस्व, मत्स्य विभाग के मैदानी अधिकारियों की अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

29 मई 2025 को 04 दल विकासखण्डवार नर्मदापुरम में ग्राम पंचायत कुलामडी से, सोहागपुर में ग्राम पंचायत सेमरीहरचंद सें, सिवनीमालवा में ग्राम पंचायत बघवाडा सें एवं बनखेड़ी में ग्राम पंचायत पीपरपानी से इस अभियान को प्रारंभ करेंगे। यह दल रूट चार्ट के अनुसार प्रतिदिन 02 ग्राम पंचायतों के मान से जिले की 08 ग्राम पंचायतों का प्रतिदिन भ्रमण करते हुए, जिले की 112 चयनित पंचायतों विशेषकर आदिवासी, आकांक्षी एवं प्रतिकूल परिस्थितियों वाले क्षेत्रों में कार्यक्रम का आयोजन कर किसानों से प्रत्यक्ष संवाद करेंगे। जिला नर्मदापुरम क्षेत्र की जल, वायु, जमीन एवं जरूरत के आधार पर खरीफ मौसम में उगाई जाने वाली प्रमुख फसलों से संबंधित आधुनिक / उन्नत तकनीकों एवं बीज की नवीन किस्मों के बारे में किसानों को जागरूक किया जाएगा। किसान हितैषी विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा नीतियों के विषय में किसानों को जागरूक किया जाएगा। किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड में सुझाई गई विभिन्न फसलों के चयन तथा संतुलित उर्वरकों के प्रयोग के लिए जागरूक किया जाएगा। फसल विविधीकरण एवं प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटक, उन्नत बीज उत्पादन की विधि बताये जाने के साथ-साथ कृषि ड्रोन एवं उन्नत कृषि यंत्रों का सजीव प्रदर्शन भी किया जावेगा। कार्यकम में किसानों से फीडबैक भी लिया जावेगा, जिससे की उनके द्वारा कृषि म किए गए नवाचार के बारे में कृषि वैज्ञानिक सीख सकें एवं उसके अनुसार कृषि अनुसंधान की दिशा का निर्धारण कर सके।

Previous articleस्व-सहायता समूह और आजीविका मिशन ने संवारा अनीता सोलंकी का जीवन
Next articleराष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने मनाया स्थापना दिवस, चलाया सफाई अभियान