नर्मदापुरम/ प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिला कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशन में 30 मार्च से 30 जून 2025 तक जिले में विभिन्न जल संरक्षण गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण, उन्नयन एवं पुनरुद्धार कर आगामी पीढ़ियों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। अभियान के अंतर्गत जिले की प्रमुख जल संरचनाएं जैसे कुएं, नदियाँ, बावड़ियाँ, तालाब और नहरें शामिल हैं, जिनका व्यापक रूप से जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड सोहागपुर में भी अभियान के सशक्त क्रियान्वयन की दिशा में तालाबों के गहरीकरण एवं नर्मदा घाट पर जल संरक्षण संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। इस दौरान सी.ई.ओ. जनपद पंचायत सोहागपुर, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता से सामूहिक श्रमदान कर जल संरचनाओं की सफाई एवं गहरीकरण का कार्य किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से संवाद कर जल संरक्षण की आवश्यकता, महत्ता एवं इससे जुड़ी जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।







