भोपाल(ए)। शहर के अशोका गार्डन थाना इलाके में बीती दोपहर एक जमीन पर अपना-अपना कब्जा करने की बात को लेकर दो परिचवारो के बीच जमकर विवाद हो गया। बढ़ता विवाद मारपीट तक जा पहुंचा एक आरोपी ने फरियादी डॉक्टर के पिता पर हथोड़े से हमला किया जिन्हें बचाने के प्रयास में डॉक्टर हथौड़ा लगने से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार फरियादी हफीज खान (35) निवासी नवाब कॉलोनी ने पुलिस को की गई शिकायत में बताया की वह एक निजी अस्पताल के डायरेक्टर है। गुरुवार दोपहर करीब पौने दो बजे उन्हें अपने घर के पीछे बने टीनशेड को तोड़े जाने की आवाजें आई। जब उन्होंने पीछे जाकर देखा तो कुछ लोग उनके प्लॉट पर बने टीन शेड को हथौड़े मारकर तोड़ते हुए नजर आये। हफीज ने उनका विरोध करते हुए कहा की यह उनका प्लॉट है, इस पर आरोपियों ने कहा कि यह जमीन उनकी है। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। झगड़े की आवाजे सुनकर घर में मौजूद उनके पिता जब बीच-बचाव करने के लिये आये तब आरोपी शेख अकरम ने उन पर हथौड़े से वार किया। पिता को बचाने के प्रयास में हफीज के हाथ पर हथौड़े का वार लगने से वह घायल हो गए। इस दौरान हफीज की मां नसीम बानो और पत्नी तैय्या खान भी वहॉ आ पहुंचीं। तब आरोपियो के साथ मौजूद असमीना नामक महिला ने उनकी मॉ नसीम बानो से गाली गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। वहीं अन्य आरोपियो ने भी हफीज सहित उनके माता-पिता और पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे सभी को चोटें आईं। बाद में घायल पक्ष क लोग थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें हमीदिया अस्पताल पहुंचाया और मेडिकल जॉच के बाद मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।








