भोपाल(ए)। शहर के ईटखेड़ी थाना इलाके में स्थित चौरसिया ढाबे पर निशातपुरा थाने के दो सिपाहियों के साथ ढाबा संचालक ने अपने दो बेटो और कर्मचारियों के साथ मिलकर मारपीट कर दी। बताया गया है की दोनों सिपाही ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। यहां एक केबिन में बैठने को लेकर ढाबा संचालक से उनका विवाद हो गया था। ईटखेड़ी थाने में एफआईआर दर्ज नहीं होने पर निशातपुरा पुलिस ने जीरो पर मामला कायम कर केस डायरी ईटखेड़ी पुलिस को भेजी इसके बाद ईटखेड़ी पुलिस ने असल कायमी की है। पुलिस के मुताबिक 3 अप्रैल की रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद निशातपुरा थाने में पदस्थ आरक्षक मोहित राठौर और महेश दांगी रात करीब 11 बजे बाइक से लांबाखेड़ा बायपास स्थित चौरसिया ढाबे पर रात 11 बजे खाना खाने पहुंचे थे। यहां बने केबिन में होटल संचालक मोहित चौरसिया बैठे हुए थे।
\बताया गया है कि सिपाहियों ने उन्हें दूसरे केबिन में बैठने के लिए कहा। इस बात पर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढऩे पर ढाबा संचालक मुन्ना लाल चौरसिया के बेटे राहुल चौरसिया और मोहित चौरसिया ने अपने चार कर्मचारियों के साथ मिलकर लात-मुक्कों, लाठी-डंडों, चिमटा और झारों से दोनों सिपाहियों के साथ मारपीट कर डाली। मारपीट में आरक्षकों की वर्दी भी फट गई थी। दोनों पुलिसकर्मियों के चेहरे पर चोटें आई हैं। निशातपुरा पुलिस ने दो नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा समेत अन्य धाराओं के तहत जीरो पर प्रकरण दर्ज कर डायरी ईटखेड़ी पुलिस को भेजी है। ईटखेड़ी पुलिस ने असल पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।








