भोपाल (आरएनएस)। कॉलेज छात्राओं से रेप और वीडियो बनाने के मामले में फरार आरोपी नबील खान अशोका गार्डन पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। एफआईआर की भनक लगने के बाद वह बंगाल भाग गया था।उसकी आखिरी लोकेशन मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) में ट्रेस की गई थी। जबकि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। नबील के पकड़ में आने के बाद अब केस में कुल पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें फरहान, साद, अली और साहिल शामिल हैं। वहीं, छठे आरोपी अबरार की तलाश में पुलिस की एक टीम बिहार गई है।आरोपी नबील बेहद शातिर है। वह पुलिस को चकमा देकर बंगाल से भोपाल आ चुका था। उसे यकीन था कि पुलिस उसकी तलाश बिहार और बंगाल में करेगी। भोपाल में छिपेगा तो किसी का ध्यान नहीं जाएगा, क्योंकि यहां से भाग चुका है। पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है। लैपटॉप को भी जब्त किया जाएगा। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने डिटेल पूछताछ के लिए उसे 5 मई तक पुलिस रिमांड पर सौंपा है। गैंग का मास्टरमाइंड फरहान नबील खान के ही कमरे का इस्तेमाल छात्राओं से रेप करने के लिए करता था। पूरे केस के पांचवें और छठवें नंबर के इन दोनों आरोपियों की भूमिका भी अहम हुआ करती थी। दोनों ही आरोपी लड़कियों को अपने कमरे में कभी पढ़ाई, तो कभी पार्टी के नाम पर बुलाया करते थे।








