भोपाल (आरएनएस)। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्णा घाडगे पर भोपाल के जहांगीराबाद थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। घाडगे ने बीते रविवार को भोपाल में हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा में कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद को जान से मारने की धमकी देते हुए पाकिस्तानी एजेंट बताया था। जहांगीराबाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 353(2) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है। भोपाल मध्य सीट से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के करीबी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जहांगीराबाद के अध्यक्ष यशवंत यादव ने बताया कि विधायक आरिफ मसूद को कृष्णा घाडगे ने एक चल समारोह में जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने पूरे मुस्लिम समुदाय को धमकी दी और बदनाम करने की बात कही थी। जिससे पूरे शहर का माहौल खराब हो सकता था।
वो सिंधिया जी के करीबी कहे जाते हैं। कृष्णा घाडगे ने बहुत ही अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जान से मारने की धमकी को लेकर हमने एफआईआर दर्ज कराई है। मेरी पुलिस से मांग है कि ऐसे व्यक्ति को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। शहर के शांतिपूर्ण माहौल को ये व्यक्ति खराब करना चाहता है।
विधायक आरिफ मसूद ने बताया कि जिस तरह की भाषा मीडिया की सुर्खियों में आने के लिए इस्तेमाल की गई वो आपत्तिजनक है। जो बयानबाजी की गई थी, उसे लेकर हम लीगल एक्शन लेने जा रहे हैं।








