नपा कह रही है कि दोबारा सड़क मार्ग अवरूद्ध किया तो होगा जुर्माना
नर्मदापुरम्। पूर्व में भी नगर पालिका के द्वारा दर्जनों बार नगरीय क्षेत्र के अतिक्रमण हटाने की कवायदें की जा चुकी हैं। लेकिन अतिक्रमण करने वाले फिर से उसी स्थान पर नपा को ठेंगा दिखते हुए अतिक्रमण कर लेते हैं। फिर दोबारा नपा वही कवायद करती है। नपा के द्वारा एक बार फिर से अतिक्रमण हटाना शुरू किया जा रहा है। गुरुवार को नगर के विभिन्न क्षेत्रों से फल एवं सब्जी के ठेले वालों के साथ ही अवैध रूप से सड़क किनारे रखे टपों को हटाया गया। करीब 35 चिह्नित स्थानों से अतिक्रमण को हटाकर उन्हें हिदायत दी गई है।
अतिक्रमण दल प्रभारी सुनील राजपूत ने बताया कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सड़क किनारे फल और सब्जी के ठेले लगाने वालों को भी हटाकर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है।
नपा द्वारा ऐसा कहा जा रहा है कि अब दोबारा सड़क किनारे फल एवं सब्जी के ठेले लगाकर मार्ग अवरूद्ध किया तो जुर्माने की भी कार्रवाई की जाएगी। करीब 35 चिह्नित अतिक्रमण हटाए गए हैं। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान तहसीलदार देवशंकर धुर्वे सहित उनकी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
सुनील राजपूत ने बताया कि सीएमओ द्वारा प्रतिदिन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की समीक्षा की जा रही है। नगर की सड़कों को अवरूद्ध कर व्यवसाय करना उचित नहीं है। उक्त कार्रवाई नगर में अब लगातार जारी रहेगी। ऐसा पहले भी अनेक बार नपा के द्वारा कहा जाता रहा है। यह अतिक्रमण वाले जानते हैं। इसलिए नपा का रूख देखकर अपने टप या हाथ ठेला कुछ समय के लिए दायें बायें रख लेते हैं। उसके बाद फिर वहीं आ जाते हैं। सुनील से संपर्क कर लेते हैं।
कब हटेंगे अवैध होर्डिंगघ्
नपा की सीएमओ ने पिछले माह ही कहा था कि शहर के अवैध होर्डिंग हटाए जाएंगे लेकिन तब से लेकर दर्जनों होर्डिंग और तैयार हो गए। शहर में लगातार अवैध होर्डिंग की संख्या नपा को चिढ़ा रहे हैं। तथा खुली चेतावनी दे रहे हैं कि आप से बन सके तो हटाओ।







