नर्मदापुरम/ जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पिपरिया तहसील की ग्राम पंचायत पचलावरा में स्थित लगभग 17 एकड़ क्षेत्रफल में फैले शासकीय तालाब में जनसहयोग से श्रमदान कर तालाब का गहरीकरण एवं सफाई कार्य प्रारंभ किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य वर्षा ऋतु में अधिकतम वर्षा जल का संचयन कर जलस्तर को बढ़ाना एवं भूमिगत जल स्रोतों को रिचार्ज करना है। तालाब की सफाई एवं गहरीकरण से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि इससे ग्रामवासियों को सिंचाई एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए पर्याप्त जल भी उपलब्ध हो सकेगा।
इस कार्य में जनपद पंचायत पिपरिया की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सुमन खातरकर, सचिव, ग्रामीण रोजगार सहायक (जीआरएस), जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी सक्रिय रूप से सम्मिलित हुए। सभी ने मिलकर श्रमदान के माध्यम से तालाब की सफाई कर जल संरक्षण का संदेश दिया।







