आगामी 1 सप्ताह में खेत तालाबों के मस्टर जारी किए जाए
कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान दिए आवश्यक दिशा निर्देश
नर्मदापुरम/ शनिवार को कलेक्टर सोनिया मीन ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिए की सिपरी एप पर अद्यतन किए गए खेत तालाब के लक्ष्य अनुरूप आगामी 1 सप्ताह में अनिवार्यतः मस्टर जारी किए जाएं। इसी प्रकार उन्होंने सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि अमृत सरोवर के लिए शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी तालाबों का चिन्हांकन कर आगामी चार दिवसों में मस्टर जारी किए जाएं। उन्होंने ईई ग्रामीण यांत्रिकी विभाग नर्मदापुरम को निर्देश दिए की खेत तालाब बनाए जाने में गुणवत्ता पूर्ण कार्य की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने कहा कि यह अभियान शासन का अत्यंत महत्वाकांक्षी एवं दूरदर्शी प्रयास है, जिसका उद्देश्य जिले में जल संरक्षण को सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जिले में नई जल संरचनाओं का निर्माण और परंपरागत जल स्रोतों का कायाकल्प एवं पुनरुद्धार किया जाए, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और पर्याप्त जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें और सुनिश्चित करें कि अभियान के तहत कोई भी लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि इस दिशा में हर आवश्यक प्रयास किए जाएं, ताकि जिले में जल स्रोतों का संरक्षण प्रभावी ढंग से हो सके।
कलेक्टर सुश्री मीना ने यह भी कहा कि जल संरक्षण न केवल वर्तमान की आवश्यकता है, बल्कि यह भविष्य की जिम्मेदारी भी है। इसलिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करें और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कलेक्टर ने अभियान से जुड़े समस्त विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित पोर्टल पर नियमित रूप से जानकारी अद्यतन की जाए। उन्होंने ईई जल संसाधन विभाग नर्मदा पुरम को निर्देश दिए की विभाग के अंतर्गत आने वाली सभी जल संरचनाओं की राजस्व रिकॉर्ड में जानकारी दुरुस्त करवा ली जाए। जिन संरचनाओं में अवार्ड पारित हो चुके हैं उन सभी का नियमित रूप से फॉलोअप लिया जाए तथा उन्हें राजस्व रिकॉर्ड में अद्यतन करवाया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही तालाबों पर से अतिक्रमण चिन्हित कर उसे हटाए जाने की कार्यवाही भी प्राथमिकता से की जाए।
बैठक के दौरान कलेक्टर सुश्री मीना ने समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए की जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जन सहयोग तथा जन संगठनों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त प्रचार प्रसार भी किया जाए। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत तैयार किए गए जलदूतों को जल संरक्षण की गतिविधियों में संलग्न करें। कलेक्टर ने सहायक संचालक कृषि विभाग को निर्देशित किया कि नरवाई जलाने वालों पर एफआईआर करवाते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें साथ ही विकासखंडवार नरवाई मुक्त ग्रामों की रिपोर्ट संबंधित जनपद सीईओ को उपलब्ध करवाते हुए उनके माध्यम से सत्यापन करवाया जाए कि उन ग्रामों में नरवाई जलाने से संबंधित कोई भी मामला प्रकाश में ना आया हो। ग्रीष्मकालीन मूंग फसल की कटाई के उपरांत भी नरवाई जलाने पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए।
कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नागरिक क्षेत्र में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए जाने में गति लाई जाए। उन्होंने पीओ डूडा को निर्देश दिए कि नियमित रूप से इसकी समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने निर्देश दिए की सभी सीएमओ नाले नालियों की साफ सफाई के लिए वृहद अभियान चलाएं।
बैठक के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट श्री बृजेंद्र रावत सहित सभी जनपद सीईओ एवं सीएमओ तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







