मा.अ. आयोग ने शहर के चार जनहित के मामलों में संज्ञान लेकर दिये निर्देश

Join Us

जबलपुर। मप्र मानव अधिकार आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया कि समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों के आधार पर आयोग की मुख्यपीठ भोपाल में चार प्रकरणों पर सुनवाई करते हुए, अध्यक्ष मनोहर ममतानी की एकलपीठ मानव अधिकारों के हनन का मामला मानकर, संज्ञान लेकर संबंधित तो निर्देश दिये हैं।
प्रोफेसर ने धमकाया, संबंध नहीं बनाए तो फेल कर देंगे
शहर के ओएफके कॉलेज खमरिया में 63 वर्ष के शिक्षक द्वारा एक छात्रा को अश्‍लील मैसेज भेजने और जबरन संबंध बनाने के लिये दबाव बनाने का मामला सामने आया है। प्रो. ने संबंध नहीं बनाए जाने के एवज में फेल कर देने की धमकी भी दी। इससे छात्रा दहशत में थी, जिसके बाद छात्रा ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। आयोग ने जबलपुर के पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराकर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन 15 दिनों में मांगा है।
15 हजार की आबादी में एक राशन दुकान
जिले के बरेला क्षेत्र में 15 हजार की आबादी वाले क्षेत्र में एक मात्र राशन दुकान होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एकमात्र राशन दुकान होने के कारण दुकान खुलले पर एकदम से भारी भीड़ लग जाती है तथा उपभोक्ताओं को भी कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आयोग ने जबलपुर के कलेक्टर से मामले की जांच कराकर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।
स्‍कूल के अंदर हो रही कार की पार्किंग, बच्चे हो रहे परेशान
शहर के गलगला स्थित सरकारी स्‍कूल परिसर में चार एवं दो पहिया वाहनों के खड़े होने का मामला सामने आया है। स्‍कूल परिसर के अंदर लगे शेड के नीचे निजी चार एवं दो पहिया वाहन खड़ी हो रही है, जिसके चलते स्‍कूल के बच्‍चों और स्टाफ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उनकी स्‍कूल की सुरक्षा व्‍यवस्‍था को भी खतरा बना हुआ है। वहीं छात्रों और शिक्षकों द्वारा मना करने पर उन्हें धमकाया भी जा रहा है। इस संबंध में स्कूल के स्टाफ ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिये कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। आयोग ने जबलपुर के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं जिला शिक्षा अधिकारी से मामले की जांच कराकर, विद्यालय परिसर में अवांछित गतिविधियों एवं उपयोग के संबंध मे कार्यवाही कराकर, विद्यार्थियों एवं विद्यालय से सम्बन्धित शिक्षकों आदि की सुरक्षा के लिये की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।
बिना सुरक्षा के सौ फीट ऊंचाई पर काम कर रहे मजदूर
शहर के लम्हेटाघाट में चल रहे केबल स्टे ब्रिज के निर्माण में काम करने वाले मजदूरों को बिना सुरक्षा साधनों के सौ फीट ऊंचाई पर काम करने का मामला सामने आया है। ठेकेदार द्वारा उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ऊंचाई पर काम करने के दौरान पूर्व में कई बड़े-बड़े हादसे हो चुके है। इसके बावजूद भी केबल स्टे ब्रिज के निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। आयोग ने जबलपुर के कलेक्टर से मामले की जांच कराकर, जन सुरक्षा एवं सुरक्षा उपायों के संबंध में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन 15 दिनों में मांगा है।

Previous articleएमपी पावर कंपनी ने कार्मिक की मृत्यु होने पर आश्रि‍त परिवार को दी जाने वाली अनुग्रह अनुदान राश‍ि को सवा लाख रूपए किया
Next articleजल संरक्षण के संदेश के साथ बच्चों ने उकेरी रंगों की दुनिया