सीहोर । बुधवार 16 अप्रैल को मप्र संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संध के आहवान पर प्रदेश के समस्त जिलो मे संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी के विरुद्ध ध्यानाकर्षण रैली निकाली गई । इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए संघ के जिलाध्यक्ष अम्बर मालवीय ने बताया कि दिनांक 23 जून 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा भोपाल के लाल परेड ग्राउन्ड पर आयोजित संविदा महापंचायत के दौरान प्रदेश के संविदा कर्मचारीयों हेतु विभिन्न घोषणाएँ की गई थी, किन्तु खेद का विषय है कि वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एनएचएम कर्मियों हेतु आज दिनांक तक कोई नीति लागू नहीं की गई है तथा नियमित पदों पर संविलियन, वेतन विसंगति एवं शासन द्वारा नीति अनुसार कई बिन्दुओ के विपरीत अप्रैजल जैसी प्रक्रिया अपनाकर तथा मेडिकल अवकाश समाप्त कर कर्मचारियों का शोषण हो रहा है तथा नीति पूर्ण रूप से लागू नहीं की गई है। अम्बर मालवीय ने कहा कि इस संबंध में सीहोर जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहकर एनएचएम कर्मियों द्वारा टाउन हॉल से रैली का आयोजन कर संघ द्वारा शासन को अपनी मांगो के संबंध में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमे बडी संख्या में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।







