जय बजरंगबली के होते रहे जयकारे, अनेक स्थानों पर हुए भंडारे
नर्मदापुरम। श्रीराम भक्त पवनसुत महाबली हनुमानजी के प्रकटोत्सव के अवसर पर शहर के शताधिक हनुमान मंदिरों में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला सुबह से लेकर देर रात तक जारी रहा। शनिवार होने से भक्तों में विशेष उत्साह रहा। शहर के सभी बजरंग मंदिर में जन्मोत्सव भक्तिभाव व धूमधाम के साथ मनाया गया। सभी मंदिरों में पूजन अर्चन, हवन, भजन, रामचरित मानस के अखंड पाठ, सुंदर कांड व हनुमान चालीसा के पाठ से लेकर चोला चढ़ाने, शोभायात्रा निकालने के साथ ही गली-गली में जय बजरंग बली के जयकारे के साथ भंडारे के आयोजन होते रहे हैं। अनेक हनुमान मंदिरों में एक सप्ताह पूर्व से ही तैयारी चल रही थी। मंदिरों की पुताई के साथ विद्युत साज सज्जा और मंदिर परिसर को पीले रंग की झंडियों से सजाया गया। अनेक मंदिरों तथा रामजीबाबा समाधि स्थल से शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल रहे।
प्रकटोत्सव हर्षोल्लास से मनाया
हनुमान मंदिराें में रामभक्त हनुमान का प्रकटोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। इस दौरान अनेक स्थानों पर धार्मिक अनुष्ठान किए गए। शहर के हनुमान भक्तों ने शाेभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुअाें ने जयबजरंगवली और श्रीराम के जयकाराें के साथ राम जी के भजन के आयोजन किए। बालागंज के हनुमान चौक मंदिर से दोपहर के समय भव्य शाेभायात्रा निकाली गई। जिसमें सैंकडों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
पूजन अभिषेक के बाद हुआ भंडारा
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के हनुमान मंदिर में सुबह से लेकर शाम तक पूजन का क्रम जारी रहा। यहां पर मंदिर में श्रद्धालुओं के द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें शिक्षा विभाग के कर्मचारियों अधिकारियों के साथ ही अनेक शहर वासी भी शामिल हुए। यहां पर दिन भर भक्तों के द्वारा चोला चडाने का क्रम जारी रहा।
लगाया विशेष लड्डू का भोग
शाहर के मुख्य प्रचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर में हनुमान जी को बढ़े लड्डू का भोग लगाया गया। उसके बाद उसी लड्डू की प्रसादी वितरण की गई। मंदिर के पुजारी पप्पी महाराज ने बताया खेड़ापति हनुमान मंदिर में सुबह 5 बजे से तांता लगा हुआ है। सुबह के समय हनुमान का पूजन अभिषेक चोला चढ़ाने के बाद हवन किया गया। उसके बाद दाेपहर में मंदिर में भंडारे का आयोजन शुरू हुआ जो शाम तक जारी रहा।
वकीलों ने की पूजन अर्चन
कोर्ट वाले हनुमान जी के मंदिर में रामचरित मानस का पाठ करने के साथ ही शहर के अनेक वकीलों ने हनुमान जी को चोला चढाने के साथ ही नया निशान चढ़ाया। इसी के साथ यहां पर भी भंडारे का आयोजन किया गया। जो दिन भर जारी रहा। इसी प्रकार कृषि विभाग के पास वाले हनुमान मंदिर, कसेरा माेहल्ला मोरछली चाैक पर भी भक्ति भाव के आयोजन हुए।
सभी मंदरों में उमढ़ते रहे श्रद्धालु
शहर के सभी हनुमान मंदिर जिनमें पंचुमुखी हनुमान मंदिर, सेठानी घाट हनुमान मंदिर, संकटमोचन हनुमान मंदिर, कोर्ट वाले हनुमान जी, एसपीएम,आदमगढ़, मालाखेड़ी सहित ग्वालटाेली के हनुमान मंदिरों में भी अनेक आयोजन होते रहे। राममंदिर के पास वाले हनुमान मंदिरों में भी भक्तिभाव के आयोजन जारी रहे।






