नर्मदापुरम। वरिष्ठ पत्रकार पंकज शुक्ला ने भगवान परशुराम के नाम से चौक का नाम किए जाने के बाद उस पर आने वाली प्रतिक्रियाओं के संबंध में अपना पक्ष बेबाक तरीके से रखते हुए कहा कि शुक्रवार को नगर पालिका परिषद की बैठक में सर्व ब्राह्मण समाज नर्मदापुरम की तरफ से पार्षदों द्वारा बीएसएनल ऑफिस चौराहे के पास भगवान परशुराम जी के नामकरण का प्रस्ताव रखा गया था। जिसे परिषद द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया है। इस बात को लेकर सभी ब्राम्हण समुदाय ने नपाध्यक्ष व पार्षदों के प्रति आभार व्यक्त किया है। इसके बाद पूर्व पार्षद तेज कुमार गौर द्वारा अवगत कराया जा रहा है कि नगर पालिका नर्मदापुरम द्वारा वर्ष 2012 में 04- 08-2012 को नगर पालिका के साधारण सम्मेलन में कोरीघाट को हनुमान धाम घाट और एसपी ऑफिस चौराहे का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम से स्वीकृत हुआ है। जिसे अब अवगत कराया जा रहा है। पंकज शुक्ला का कहना है कि बीएसएनल ऑफिस के पास स्थल को भगवान परशुराम चौराहा नामकरण किए जाने की बात रखी है। हमने एसपी ऑफिस चौराहे की बात नहीं रखी है जबकि एसपी ऑफिस तिराहे के पास ही परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित है। इस प्रकार इस विषय को बेवजह तूल देने का प्रयास किया जा रहा है जबकि हम लोगों द्वारा सभी महापुरुषों का सम्मान किया जाता है। इस विषय की हमें कोई जानकारी नहीं थी कि एसपी ऑफिस चौराहे का नामकरण सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा किया गया है। वर्ष 2012 के उक्त आदेश का पालन इतने वर्ष बाद भी क्यों नहीं हुआ है। इस विषय पर भी विचार किया जाना चाहिए। इतना जरूर है कि दोनों पक्ष इस विषय को लेकर सामन्जस्यपूर्वक बीच का रास्ता निकालने के पक्ष में हैं। यही नर्मदा नगरी की तासीर है।







