बहू की खौफनाक करतूत, सास को बालों से घसीटकर पीटा, पति को भी पिटवाया

Join Us

ग्वालियर (ए.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बहू ने अपनी सास के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। वायरल हुए एक वीडियो में आरोपी बहू अपनी सास को बालों से पकडक़र घसीटते हुए बेरहमी से पीटती हुई नजर आ रही है। इतना ही नहीं, इस दौरान बहू के मायके वालों ने उसके पति को भी जमकर पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पीडि़त पति और सास ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।पीडि़त पति विशाल बत्रा ने पत्रकारों से बातचीत में अपनी जान का खतरा बताते हुए कहा कि उन्हें डर है कि कहीं उनकी पत्नी मेरठ जैसी घटना को दोहराते हुए उनकी और उनकी बूढ़ी मां की हत्या न कर दे। विशाल का आरोप है कि यह सब संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से किया जा रहा है। फिलहाल, इस मामले में आरोपी पत्नी का पक्ष सामने नहीं आया है।यह पूरा मामला ग्वालियर के इंदरगंज थाना क्षेत्र स्थित आदर्श कॉलोनी का है। यहां रहने वाले विशाल बत्रा कारों के स्पेयर पार्ट का व्यवसाय करते हैं। आदर्श कॉलोनी में उनका एक मकान है, जिसकी अनुमानित कीमत 2-3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। विशाल अपनी मां सरला बत्रा, पत्नी और दो बच्चों के साथ इसी मकान में रहते हैं।
विशाल के अनुसार, बीते दिनों सुबह उनकी पत्नी के मायके पक्ष के लोग उनके घर आए और आते ही मारपीट शुरू कर दी। सबसे पहले उनके ससुर ने उन पर हाथ उठाया, और जब उन्होंने विरोध किया तो उनके साले ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। अपने बेटे को बचाने आई विशाल की मां सरला बत्रा को भी बहू ने पहली मंजिल से नीचे उतरकर बुरी तरह पीटा। मारपीट इतनी बढ़ गई कि सभी लोग घर के बाहर सडक़ पर आ गए, जहां भी जमकर लात-घूंसे चले। वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी बहू अपने पति को भी लातों से मार रही है। पड़ोसियों के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार मामला शांत हुआ।विशाल ने बताया कि यह घटना 1 अप्रैल को हुई थी। घटना के अगले दिन, 2 अप्रैल को विशाल बत्रा थाने पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि एक पुरुष होने के कारण पुलिस ने उनकी एफआईआर दर्ज करने में भी आनाकानी की। काफी मशक्कत के बाद उनकी एफआईआर दर्ज हो पाई, जिसमें पुलिस ने मामूली धाराएं लगाई हैं। जबकि उन्हें और उनकी मां को अब जान का खतरा महसूस हो रहा है। वर्तमान में उनकी पत्नी ने घर पर कब्जा कर लिया है और वे दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। न्याय की गुहार लगाते हुए विशाल बत्रा ने आज, 4 अप्रैल (शुक्रवार) को एसपी कार्यालय में जाकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस पर डीएसपी रोबिन जैन ने उन्हें सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना यह है कि पुलिस इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करती है।

Previous articleश्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले में केंद्र और एएसआई को पक्षकार बनाने की मांग, 8 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
Next articleनर्मदापुरम संभाग में इस बार 4 लाख 60 हजार 650 हेक्टेयर में बोई जा रही हैं ग्रीष्मकालीन फसलें