मौसम साफ रहने से तेजी से चढ़ेगा पारा, कई राज्यों में लगेंगे लू के थपेड़े

Join Us

नईदिल्ली,(आरएनएस)। देशभर में तेज हवाओं का असर कमजोर पडऩे के साथ ही गर्मी ने जोर पकडऩा शुरू कर दिया है। पूरे सप्ताह भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी।भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले 3 महीने में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ेगी और ज्यादा दिनों तक लोगों को लू का सामना करना पड़ेगा।आज अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहेगा, जबकि मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, केरल, मध्य महाराष्ट्र में गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है।राजस्थान में अचानक से मौसम पलट गया है, जिसके चलते अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे चला गया है।पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3-7 डिग्री और न्यूनतम में 2-5 डिग्री की कमी आई है। राज्य में सोमवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान चित्तौडग़ढ़ में 34.7 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 8.2 डिग्री दर्ज किया गया।प्रदेश में 1-3 अप्रैल तक दक्षिण-पूर्वी भागों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है। बिहार में पछुआ हवाओं के कारण मौसम शुष्क बना हुआ है और 3-4 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री तक बढ़ सकता है। साथ ही लू चलने के भी आसार हैं।
मध्य प्रदेश में गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है।इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बंगाल, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, गुजरात और ओडिशा में भीषण गर्मी और कुछ जगह लू चल सकती है। दिल्ली में तेज हवाओं से मिल रही राहत अब खत्म हो गई और आज से तापमान में दोबारा इजाफा होने लगेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 16 डिग्री रहने के आसार हैं। राजधानी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक 35.0 डिग्री रहा।इसी सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।आईएमडी के अनुसार, उत्तराखंड में आज मौसम साफ रहेगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी। न्यूनतम तापमान सामान्य से कम होने के कारण रात के समय ठंड बनी रहेगी। अप्रैल और मई में यहा गर्मी नए रिकॉर्ड बना सकती है। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश में 3 अप्रैल तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है और इस दौरान बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है।जम्मू-कश्मीर में भी इस सप्ताह तापमान बढऩे के आसार जताए जा रहे हैं।
००

 

Previous articleनदियां जीवन का आधार- पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री पटेल
Next articleदेश के अंदर लाल आंतक 12 नहीं, अब सिर्फ 6 जिलों तक सिमट गया : शाह