नई दिल्ली (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 120वें एपिसोड में ‘खेलो इंडिया पैरा गेम्स’ में भाग लेने वाले सभी खिलाडिय़ों की सराहना की और उनके संघर्ष और हौसले को लेकर प्रेरणादायक बातें साझा की।
उन्होंने कहा, ‘मन की बात’ में अब बात हौसलों के उड़ान की! चुनौतियों के बावजूद जज्बा दिखाने की। कुछ ही दिन पहले सम्पन्न हुए खेलो इंडिया पैरा गेम्स में एक बार फिर खिलाडिय़ों ने अपनी लगन और प्रतिभा से सबको हैरान कर दिया। इस बार पहले से ज्यादा खिलाडिय़ों ने इन खेलों में हिस्सा लिया। इससे पता चलता है कि पैरा स्पोर्ट्स कितना पॉपुलर हो रहा है।प्रधानमंत्री मोदी ने सभी खिलाडिय़ों को उनके शानदार प्रयासों के लिए बधाई दी और विशेष रूप से हरियाणा, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के खिलाडिय़ों को उनके प्राप्त किए गए स्थानों के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा, मैं खेलो इंडिया पैरा गेम्स में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाडिय़ों को उनके शानदार प्रयासों के लिए बधाई देता हूं। हरियाणा, तमिलनाडु और यूपी के खिलाडिय़ों को पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करने के लिए शुभकामनाएं देता हूं।








