बीड ,(आरएनएस)। महाराष्ट्र के बीड जिले से ईद उल-फितर से ठीक एक दिन पहले एक बड़ी खबर सामने आई है। जिले के जियोराई तहसील स्थित अर्ध मसला गांव में रविवार तडक़े सुबह एक मस्जिद में धमाका हुआ। पुलिस के अनुसार, यह विस्फोट कथित तौर पर एक व्यक्ति द्वारा रखी गई जिलेटिन रॉड के कारण हुआ। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।पुलिस ने बताया कि यह घटना तडक़े सुबह करीब 2:30 बजे हुई, जिसके बाद मस्जिद का अंदरूनी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इस संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है, जिसे देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक व्यक्ति मस्जिद के पिछले हिस्से से दाखिल हुआ और वहां कुछ जिलेटिन की रॉड रख दी, जिसके परिणामस्वरूप यह विस्फोट हुआ। गांव के प्रधान ने सुबह करीब 4 बजे तलवाड़ा पुलिस को इस घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बीड के पुलिस अधीक्षक नवनीत कंवत और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।








