राजधानी में बदमाश बेखौफ,शाम सात बजे अल्पना तिराहा के पास यात्री से लूट

Join Us

पुलिस चौकी के नजदीक बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम
भोपाल(संदीप पंडा)। पुराने शहर के अल्पना तिराहा पर पुलिस चौकी के नजदीक ही ऑटो से आये बैखौफ बदमाशो ने एक यात्री को डंडा मारकर उसे घायल किया और उसका मोबाइल लूट कर फरार हो गये। बताया गया है की हरे रंग के ऑटो से आए तीन बदमाशों ने पहले तो घायल युवक को रोककर उसे धमकाते हुए नकदी और मोबाइल देने उनके हवाले करने को कहा। जब उसने इसका विरोध किया तो तब बदमाशो ने उसके सिर पर डंडा मारा और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। शाम करीब साढ़े सात बजे हुई इस वारदात के समय चौकी पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। बाद में लोगो की भीड़ जमा होने पर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डायल 100 को मौके पर बुलाकर घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मिली जानकारी के अनुसार विदिशा के रहने वाले फरियादी बसंत प्रताप सिंह राजपूत विदिशा में खेती-किसानी करते हैं। करोंद क्षेत्र में उनका करीबी दोस्त रहता है। भोपाल शहर घूमने के लिये वह शनिवार सुबह भोपाल आए और अपने दोस्त के साथ दिनभर घूमने के बाद रात के समय घर जाने के लिये ट्रैन पकडऩे भोपाल स्टेशन जा रहे थे। रात करीब साढ़े सात बजे जैसै ही वह अल्पना तिराहा पुलिस चौकी के पास पहुंचे तभी हरे रंग के ऑटो में सवार तीन युवक आए। ऑटो रोककर उसमें दो बदमाश उतरे और बसंत के नजदीक आकर उससे मोबाइल और पर्स देने की मांग की। फरियादी ने जब उनका विरोध किया तब एक बदमाश ने धमकी देते हुए ऑटो से डंडा निकाला और जोर से उसके सिर पर मार दिया। सिर में चोट आने से उनके सिर से खून निकल आया। इसके बाद बदमाशों ने उनकी जेब से मोबाइल निकाला और भाग गये। पुलिस फरियादी द्वारा बताये गये हुलिये और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो के आधार पर बदमाशो की तलाश कर रही है।

Previous article4 मई को केंद्र के साथ बैठक में किसानों को व्यक्तिगत रूप से ले जाऊंगा : सीएम भगवंत मान
Next articleअमित शाह का संकल्प