मेहुल चोकसी पर बेल्जियम सरकार की नजर, बढ़ सकती हैं मुश्किलें

Join Us

ब्रुसेल्स(ए)। भारत के भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी पर भारत में पंजाब नेशनल बैंक से जुड़ा 13,850 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले का आरोप है। इनकी मुश्किलें बढ़ सकती है क्योंकि बेल्जियम सरकार लगातार चोकसी पर नजर रखे हुए हैं। बेल्जियम के फेडरल पब्लिक सर्विस (एफपीएस) विदेश मामलों के प्रवक्ता और सोशल मीडिया एवं प्रेस सेवा प्रमुख डेविड जोर्डेन्स ने कहा कि उनकी सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने कहा, मैं पुष्टि कर सकता हूं कि एफपीएस का विदेश विभाग इस मामले से अवगत है और इसे अत्यधिक महत्व देता है। हालांकि, हम व्यक्तिगत मामलों पर टिप्पणी नहीं करते। इस बीच, एंटीगुआ और बारबुडा की सरकार ने पुष्टि की है कि चोकसी चिकित्सा उपचार के लिए देश से बाहर गया है, लेकिन वह अब भी एंटीगुआ का नागरिक बना हुआ है।रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि भारत ने बेल्जियम सरकार से चोकसी के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है, हालांकि इस संबंध में भारतीय अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, चोकसी जल्द ही स्विट्जरलैंड के एक कैंसर अस्पताल में इलाज के लिए जाने की योजना बना रहा है।गौरतलब है कि मेहुल चोकसी, अपने भतीजे नीरव मोदी के साथ, पंजाब नेशनल बैंक घोटाले में वांटेड है और भारत सरकार कई वर्षों से उसके प्रत्यर्पण के प्रयास कर रही है। अब यह देखना होगा कि बेल्जियम, एंटीगुआ और भारत की सरकारें इस मामले को लेकर क्या कदम उठाती हैं।रिपोर्ट के अनुसार, चोकसी फिलहाल बेल्जियम के एंटवर्प शहर में अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा है और उसने वहां का रहवासी कार्ड हासिल कर लिया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चोकसी ने बेल्जियम में निवास आवेदन के दौरान झूठे दस्तावेज पेश किए और अपनी भारतीय व एंटीगुआ की नागरिकता की जानकारी छिपाई।एंटीगुआ और बारबुडा के विदेश मंत्री ईपी चेट ग्रीन ने चोकसी के देश छोडऩे की पुष्टि करते हुए कहा, मुझे बताया गया है कि मेहुल चोकसी चिकित्सा उपचार के लिए विदेश गया है। वह अभी भी एंटीगुआ और बारबुडा का नागरिक है।

 

Previous articleअमेरिका में चुनावी प्रक्रिया पर राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा ऐलान, वोट डालने के लिए देना होगा नागरिकता प्रमाण
Next articleजंगल में लगी आग की चपेट में आया 1000 साल पुराना बौद्ध मंदिर