51 घंटे लड़ी नेहा : तीन बच्चों की चिता ठंडी भी नहीं हुई, मां ने भी छोड़ दी दुनिया; योगेश को मिला श्राप हुआ पूरा

Join Us

>> भाजपा नेता योगेश रोहिला ने शक और गुस्से में अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों के सिर में गोलियां दाग दी थीं
सहारनपुर (ए.)। यूपी के सहारनपुर स्थित सांगाठेड़ा गांव में तीन बच्चों की मौत के बाद आखिरकार मां नेहा रोहिला ने भी दम तोड़ दिया। नेहा का चंडीगढ़ के अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार दोपहर भाजपा नेता योगेश रोहिला ने शक और गुस्से में अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों के सिर में गोलियां दाग दी थीं। उसकी बेटी श्रद्धा (8), बेटे देवांश (7) और शिवांश (4) की मौत हो गई थी, जबकि नेहा को जिला अस्पताल से गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया था। परिजनों ने उसे चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की। उसे लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था और उसकी हालत स्थिर बनी हुई थी। 51 घंटे तक मौत से जूझने के बाद सोमवार शाम नेहा भी इस दुनिया को अलविदा कह गई।
मां ने दिया था 17 साल पहले श्राप
वारदात के बाद जब रविवार को योगेश की बहनें घर आईं थीं तो बार-बार चिल्लाकर कह रहीं थीं कि 17 साल पहले तड़पती हुई मां ने जो श्राप दिया था वह सच हो गया। मां ने कहा था कि बिल्लू (योगेश के घर का नाम) तुझे कभी शांति और सुख नहीं मिलेगा। 17 साल बाद योगेश के कुंठित दिमाग ने वह सच कर दिया। श्रद्धा, देवांश और शिवांश के शवों को देखकर उनकी बुआ सीमा और गुड्डी बार-बार बेहोश हो रही थीं। वह बार-बार कह रही थीं कि योगेश ने अपने अंहकार व शक में घर के चिरागों को बुझा दिया है।
तुझे पानी देने वाला कोई न रहेगा
नेहा के मौसा राजपाल ने बताया कि 17 साल पहले जब योगेश के माता-पिता और तीन बहनों की जहरीले पदार्थ से मौत हो गई थी, तब तड़पते हुए योगेश की मां ने कहा था कि इस हवेली में तू अकेला ही रहे, तुझे पानी देने वाला भी कोई न रहेगा। तुझे कहीं भी शांति नहीं मिलेगी। दोनों बहनें मां की इन बातों को याद कर बिलख रहीं थीं।
कई दिनों से साजिश रच रहा था योगेश
पत्नी और तीन बच्चों को मौत के घाट उतारने वाला आरोपी योगेश पिछले कई दिनों से साजिश रच रहा था। वह खुद को मानसिक रूप से बीमार दिखाने की भी कोशिश कर रहा था। ग्रामीणों को बताया था कि वह सहारनपुर में किसी डॉक्टर के पास भी गया। जब उससे डॉक्टर का नाम पता पूछा गया तो वह इधर-उधर देखने लगा। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, चार खोखे और एक कारतूस नाल में फंसा हुआ बरामद किया। सवाल यह है कि योगेश के पास लाइसेंसी पिस्टल थी, लेकिन इतनी संख्या में कारतूस क्यों रखे हुए थे।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही उसने कारतूस खरीदे थे।

Previous articleनागपुर हिंसा: बॉम्बे हाईकोर्ट ने दो आरोपियों के घरों को गिराने पर रोक लगाई, प्रशासन को लगाई फटकार
Next articleमणिपुर में पुलिस की कार्रवाई, पंबेई के उग्रवादियों पर हमला करने वाले मैतेई संगठन के दो सदस्य गिरफ्तार