इंफाल (ए.)। मणिपुर के पूर्वी इंफाल जिले में प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पंबेई) के उग्रवादियों पर हमला करने वाले मैतेई संगठन अरंबाई टेंगोल के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों सदस्यों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। शनिवार दोपहर को अरंबाई टेंगोल के लगभग 15-20 सदस्य कोंगपाल चिंगंगबाम लेइकाई में इरेंगबाम नंदकुमार सिंह (56) के रूप में पहचाने गए यूएनएलएफ के एक उग्रवादी के घर में घुस गए थे और इंफाल घाटी स्थित संगठन के उग्रवादियों पर हमला कर दिया था। इस दौरान घर में मौजूद चार यूएनएलएफ (पंबेई) उग्रवादियों को लाठियों से पीटा गया था। दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड फायरिंग भी हुई थी। पुलिस ने यूएनएलएफ (पंबेई) उग्रवादियों को हिरासत में ले लिया गया था। जबकि हमलावर मौके से भागने में सफल रहे थे।








