टीबी हारेगा, देश जीतेगा: विश्व क्षय रोग दिवस पर रेलवे में जागरूकता अभियान का सफल आयोजन

Join Us

भोपाल (निप्र)। मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ अजय डोगरा के नेतृत्व में आज दिनांक 24 मार्च 2025 को विश्व क्षय रोग दिवस के उपलक्ष्य में मंडल में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जागरूकता सभा
मंडल रेल चिकित्सालय भोपाल के सभागृह में एक जागरूकता सभा आयोजित की गई। सभा का शुभारंभ करते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ अजय डोगरा ने टीबी मुक्त भारत के संकल्प को पूर्ण करने में जन भागीदारी की आवश्यकता एवं टीबी रोग के प्रसार को रोकने के लिए शीघ्र निदान एवं उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ पंकज महेश्वरी (वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी, पल्मनोलॉजिस्ट) ने टीबी के लक्षण, जांच, निदान एवं उपचार के विषय में विस्तृत जानकारी दी। डॉ रचना श्रीवास्तव (अपर मंडल चिकित्सा अधीक्षक, प्रशासन) ने एक्स्ट्रा पल्मोनरी टीबी के विषय में जानकारी साझा की। डॉ श्रुति मेंढेकर (वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य) ने बताया कि यह सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि रोगियों के साथ भेदभाव न हो तथा उनके उपचार के दौरान पर्याप्त सामाजिक, भावनात्मक एवं पोषण संबंधी सहायता प्रदान की जाए। सभा का संचालन सहायक नर्सिंग अधिकारी श्रीमती ललिता लाल द्वारा किया गया। सभा में रेलवे चिकित्सा स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में रेल लाभार्थी उपस्थित रहे।
पोस्टर प्रदर्शनी
टीबी रोग के विषय में जागरूकता बढ़ाने हेतु बाह्य विभाग परिसर में पोस्टर प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसमें टीबी के विभिन्न लक्षणों, उच्च जोखिम वाली आबादी की पहचान, उपचार एवं पोषण संबंधी जानकारी को पोस्टरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति
बाह्य रोग विभाग परिसर में ऑडियो एवं वीडियो के माध्यम से टीबी की रोकथाम एवं इलाज के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान यह संदेश दिया गया कि इस बीमारी की रोकथाम संभव है और इसका इलाज कारगर एवं सुलभ है, जिसकी सुविधा सरकार द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है।
अन्य कार्यक्रम
उप मंडल रेल चिकित्सालय इटारसी एवं बीना तथा स्वास्थ्य केंद्र गुना, हबीबगंज में भी जागरूकता सभा एवं रेलवे कॉलोनियों में रैली का आयोजन किया गया।
जन-जागरूकता प्रसार
गुना एवं बीना रेलवे स्टेशनों पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से टीबी से संबंधित सटीक एवं संक्षिप्त जानकारी प्रसारित की गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि भारतीय रेलवे अपने रेलकर्मियों एवं आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर इस तरह के जागरूकता अभियान आयोजित करता है, ताकि समाज को स्वस्थ एवं खुशहाल बनाया जा सके।

Previous article03251/03252 दानापुर-एसएमवीटी बेंगलुरु-दानापुर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस
Next articleइजऱायली सेना गाजा में और अंदर घुसी, राफाह इलाके को घेरा