नर्सिंग छात्रा की मौत,दो घायल
भोपाल(ए.)। राजधानी के गांधी नगर थाना इलाके में बीती रात हुए सडक़ हादसे में नर्सिंग की एक छात्रा की मौत हो गई, वहीं उसके साथ मौजूद दो सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं जिनका उपचार जारी है। बताया गया है कि हादसे के समय छात्रा अपनी सहेलियों के साथ चर्च से प्रेयर कर वापस लौट रही थीं। तीनो एक ही स्कूटी पर सवार थी, अचानक उनका तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ पर बने डिवाइडर से भिड़ गई। उन्हें इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाया गया जहां कुछ घंटे चले इलाज के बाद एक युवती ने दम तोड दिया। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शानी मैथ्यू (23) चिरायु मेडिकल कॉलेज से बीएससी नर्सिंग के फोर्थ ईयर की छात्रा थी, वह वहीं से इंटर्नशिप कर रही थी। रविवार देर शाम वह अपनी दो सहेलियों सेंदल सोना और सोरिल के साथ प्रेयर के लिये जेल रोड स्थित चर्च गई थी। तीनों छात्राएं मूल रूप से केरल की रहने वाली हैं, और एक साथ ही चिरायु मैडिकल कॉलेज के में पढ़ाई के साथ हॉस्टल में रहती थीं। तीनो काफी देर रात दो पहिया वाहन से वापस लौट रही थी, इसी दौरान उनकी स्कूटी अचानक बेकाबू होकर सडक़ पर बने डिवाइडर से टकरा गई। राहगीरो से मिली सूचना के बाद तीनों को एम्बुलेंस की मदद से इलाज के लिये नजदीक स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया था। वहां कुछ घंटे चले इलाज के बाद सोमवार अलसुबह शानी ने दम तोड़ दिया। एक्सीडेंट में घायल दो अन्य छात्राओं को इलाज जारी है। गांधी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। जांच टीम का कहना है कि अभी यह साफ नहीं हो सका है, कि छात्राओं का वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ था। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक करेगी। वहीं घायल छात्राओ की हालत बेहतर होने पर उनके बयान दर्ज किये जायेगे जिसके बाद ही हादसे का कारण साफ हो सकेगा।








