अमृतसर/ शिमर्ला (आरएनएस)। हिमाचल प्रदेश में संत जरनैल सिंह खालसा भिंडरावाले की तस्वीर वाले झंडे फहराने से जुड़े विवाद के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। ताजा घटनाक्रम में हिमाचल प्रदेश की सरकारी बसों पर ‘खालिस्तान’ लिखे जाने और उन्हें अमृतसर बस स्टैंड पर लाकर खड़ा करने की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश से होशियारपुर पहुंचने वाली बसों पर भिंडरावाले के पोस्टर चिपकाए जा रहे हैं। इसके अलावा, पंजाब के विभिन्न स्थानों पर हिमाचल की बसों में तोडफ़ोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे माहौल और गरम हो गया है।
विवाद तब और गहरा गया जब हिमाचल प्रदेश की सरकारी बसों पर ‘खालिस्तान’ लिखकर उन्हें अमृतसर बस स्टैंड पर खड़ा कर दिया गया। यह घटना सामने आने के बाद पंजाब और हिमाचल प्रदेश के प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पंजाब सरकार से उचित कार्रवाई की मांग की है। हिमाचल के परिवहन विभाग ने कहा कि बसों में इस तरह के नारे लिखना और उन्हें रोकना कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है।
इस पूरे मामले को लेकर पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। यह जांच की जा रही है कि कौन लोग बसों पर ‘खालिस्तान’ लिखने और पोस्टर चिपकाने की घटना के पीछे हैं। वहीं, अमृतसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इस विवाद ने पंजाब और हिमाचल के बीच तनाव को बढ़ा दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
00








