ग्राम पंचायत हीरापुर में हो रहे भारी भ्रष्टाचार के विरोध में सौंपा ज्ञापन

Join Us

 कई योजनाओं और निर्माण कार्यों में किया लाखों रुपए का भ्रष्टाचार
मामले में निष्पक्ष जांच उपरांत दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई – पंकज शर्मा
सीहोर । सोमवार को जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर महोदय के नाम संबोधित एक ज्ञापन संयुक्त कलेक्टर नितिन टाले को सौंपा, जिसके माध्यम से उन्होंने सीहोर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत हीरापुर में हो रहे भारी भ्रष्टाचार की तरफ जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया । इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत हीरापुर में सरपंच, पूर्व सरपंच पुत्र और पंचायत सचिव ने मिलकर संगठित भ्रष्टाचार के माध्यम से शासन को लाखों रुपए का चूना लगाया है । यहां निर्माण सामग्री खरीदने के नाम पर इन सभी ने आपसी सांठ-गांठ से एक ऐसी दुकान के लाखों रुपए के बिल लगा दिए जो दुकान वास्तविकता में है ही नहीं और इस प्रकार से फर्जी बिल लगाकर राज्य शासन और आम जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग कर इन्होंने सरकार की ग्रामीण विकास की मंशा पर पलीता लगाया है । पंकज शर्मा ने आगे कहा कि सिर्फ यही नहीं बल्कि शासन की कई अन्य योजनाओं में भी हितग्राहियों के पैसे का दुरुपयोग करने सहित निर्माण कार्यों में भी घटिया सामग्री का उपयोग कर तथा कम निर्माण करके इनके द्वारा भारी भ्रष्टाचार कर लाखों रुपए की लूट और बंदरबांट की गई है । पंकज शर्मा ने इस मामले में कलेक्टर महोदय से गहन जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने की मांग की है ।

Previous articleमहिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय सीहोर में जनसामान्य हेतु प्रोजेक्ट कोड कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रारंभ
Next articleभाजपा नगर मंडल के तत्वाधान में विधायक कप सीहोर क्रिकेट प्रतियोगिता 23 मार्च से