हर्षोल्लास से मना होलिकोत्सव, हर तरफ उड़ा रंग गुलाल, खूब हुआ धमाल

Join Us

युवाओं, बच्चों व महिलाओं में रहा विशेष उत्साह, एसपी ने चौराहे पर बैठकर संभाली कमान

नर्मदापुरम। होलिका दहन के दूसरे दिन धुलेंडी पर जमकर होली खेली गई। युवाओं और बच्चों की टोलियों ने अपने मोहल्लों में जमकर धमाल किया। सुबह से ही शहर में हुरियारों की टोलियों सक्रिय हो गई थी। हुरियारे अपने साथी को ढूंढ-ढूंढ कर रंग से सराबोर करते हुए टीम में मिला कर धूमा मस्ती के साथ रंग गुलाल लगाते हुए होली मनाने में लगे हुए थे। सुबह से लेकर शाम तक व दूसरे दिन भी रंग और गुलाल का माहौल बना रहा। काले महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने होली खेली। बच्चों और युवाओं के साथ ही महिलाओं के समूह ने अपने परिचितों को रंग गुलाल लगाया। सबसे ज्यादा युवाओं ने मस्ती की। युवाओं ने रंग लगाने के बाद पार्टियां उड़ाई। इस बीच कुछ युवा खेतों में बने कृषि फार्मों पर भी होली की पार्टियां मनाने में मगन रहे। कई लोगों ने सुबह से ही प्लान बना कर खेत में गाजे बाजे के साथ कार्यक्रम बना लिया था।

कम होते जा रहे फाग के आयोजन

पुरानी परंपरा के तहत पूर्व गांव- शहर में फाग के आयोजन होते थे जो अब कम होने लगे हैं। ग्वालटोली में पुरानी परंपरा के तहत काली माता मंदिर में अनेक लोगों ने एकत्रित होकर फाग के आयोजन किए। बुजुर्ग लेागों ने गाजे बाजे के साथ फाग के गीत गाते हुए नृत्य किया। फिर एक दूसरे को गुलाल लगाई। इसी बीच युवाओं की टीम भी सक्रिय रही। काली मंदिर से सभी लोग साथ साथ मिल कर होलिका दहन वाले स्थान पर जुलूश के रूप में पहुंचे जहां पर होली की भभूत को सिर पर लगाया गया। एक दूसरे को भभूत लगाई गई। वहीं जिन परिवार में वर्ष भर में गमी हुई है उनके निवास पर सामूहिक रूप से जाकर गुलाल लगाई।

युवाओं महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह

होली के अवसर पर युवाओं महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। हुरियारों की टोली ने मिल कर जमकर मस्ती की। युवाओं ने बोरियों से रंग गुलाल लेकर आए हुए थे। जिन्होने एक दूसरे के ऊपर डाल कर अनेक प्रकार की गुलाल से सरोबार किया। अनेक स्थानों पर बाजे बजाते हुए खूब नृत्य किया गया। युवाओं के साथ बच्चे भी शामिल हुए।

दिवंगतों को किया याद

होली के अवसर जिन परिवारों में पूरे वर्ष भर में गमी हुई है उनके घर जाकर पुरानी पंरपरा के तहत उस परिवार के लोगों के घरों में जाकर गुलाल लगाई गई। यह क्रम पूरे दिन जारी रहा। इस दौरान कई लोग सामूहिक रूप से तो कुछ लोग अलग-अलग लोगाें के घरों में पहुंच कर सांत्वना देने पहुंचे।

Previous articleभाजपा नर्मदापुर मंडल की बैठक सम्पन्न
Next articleगुरुकुल में पलाश के रंग से किया स्नान, नए अन्न का किया हवन