सुक्खू ने महाराणा प्रताप स्मारक भवन का किया शिलान्यास

Join Us

शिमला (आरएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले के शाहपुर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप स्मारक भवन का शिलान्यास किया।
सुक्खू ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस सरकार आम लोगों की सरकार है। प्रदेश सरकार सुशासन सुनिश्चित करने के लिए नीतिगत बदलाव कर रही है। उन्होंने कहा कि बदलाव के साथ चुनौतियां भी आ रही हैं लेकिन हर चुनौती का डटकर सामना किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शाहपुर में शीघ्र ही राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार न केवल शिक्षा बल्कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सुधार कर रही है। पिछले दो वर्षों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर सरकार ने 2,600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है जिससे प्रदेश की जनता के लिए कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं।
इस मौके पर उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि महाराणा प्रताप सभी समुदायों के रक्षक थे। उन्होंने महाराणा प्रताप स्मारक भवन के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये का योगदान देने की घोषणा की तथा समाज कल्याण में राजपूत कल्याण सभा के योगदान की सराहना की। इस अवसर पर राजपूत कल्याण सभा के अध्यक्ष ठाकुर कुलदीप सिंह ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम में आने के लिए आभार व्यक्त किया।

Previous articleउपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, सीने में दर्द के बाद दिल्ली एम्स में करवाया भर्ती
Next articleजयपुर में आईआईएफए ग्रीन चैलेंज के तहत सीएम, डिप्टी सीएम और फिल्मी सितारों ने अपनी मां के नाम लगाए पेड़