ट्रंप कैबिनेट मीटिंग में रूबियो और मस्क के बीच तीखी बहस, देखते रह गए राष्ट्रपति

Join Us

वाशिंगटन (आरएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कैबिनेट मीटिंग में विदेश मंत्री मार्को रूबियो और एलन मस्क के बीच अप्रत्याशित रूप से तीखी बहस हो गई। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटनाक्रम कर्मचारियों की छंटनी के मुद्दे पर हुआ, जिसने राष्ट्रपति ट्रंप समेत वहां मौजूद सभी लोगों को चौंका दिया।
सूत्रों के मुताबिक, बहस इतनी बढ़ गई कि विदेश मंत्री रूबियो ने सार्वजनिक रूप से एलन मस्क पर झूठ बोलने का आरोप लगा दिया। यह अप्रिय घटना उस समय घटी जब राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने कैबिनेट प्रमुखों से कहा कि स्टाफिंग और नीति संबंधी अंतिम निर्णय उन्हीं का होगा, न कि मस्क का। रॉयटर्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, इस बहस में अमेरिकी परिवहन मंत्री भी शामिल हो गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
यह सारा ड्रामा ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका में सरकारी एजेंसियों में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है। राष्ट्रपति ट्रंप और उनके सलाहकारों ने अमेरिकी नौकरशाही में कटौती के अभियान के तहत हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यह कदम फेडरल गवर्नमेंट में स्टाफ की अधिकता और देश पर बढ़ते कर्ज को कम करने के लिए उठाया गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि सरकार पर 36 लाख करोड़ डॉलर का कर्ज है और पिछले साल करोड़ों डॉलर का घाटा हुआ था, जिसके कारण सुधार की आवश्यकता है।
हालांकि, जब राष्ट्रपति ट्रंप से इस बहस के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसे पूरी तरह से खारिज कर दिया। उन्होंने मीडिया से कहा, ऐसा कुछ नहीं हुआ। कोई क्लैश नहीं हुआ। मैं वहां मौजूद था। एलन, मार्को के साथ बहुत अच्छे से पेश आते हैं और वे दोनों शानदार काम कर रहे हैं। ट्रंप ने आगे कहा कि मार्को ने विदेश मंत्री के रूप में अविश्वसनीय काम किया है और एलन एक अनोखे व्यक्ति हैं जिन्होंने शानदार काम किया है।
राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से इस घटना को कमतर आंकने के प्रयासों के बावजूद, रूबियो और मस्क के बीच हुई यह सार्वजनिक बहस व्हाइट हाउस के भीतर चल रही तनावपूर्ण स्थिति और प्रशासन की नीतियों पर गहरे मतभेदों को उजागर करती है।

Previous articleईरान ने ब्रिटिश राजदूत को तलब किया, ‘तेहरान विरोधी’ रुख पर जताया विरोध
Next articleटोरंटो के पब में ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हडक़ंप, 11 लोग घायल; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस