गांधीजी के भजन को अनोखे अंदाज में “भ्रष्टाचारियों को सन्मति दे भगवान” लाइन जोड़कर गाया
सीहोर में सुनवाई ना होने पर भोपाल में उच्चाधिकारियों सहित महामहिम राज्यपाल महोदय से शिकायत की बात कही
दोषियों पर जल्द से जल्द कठोर कार्रवाई की जाए – पंकज शर्मा
सीहोर । रविवार को जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने सीहोर-श्यामपुर सड़क में हुए करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार के विरोध में अकेले ही सड़क पर बने विशालकाय गड्ढे में बैठकर अपना शांतिपूर्ण विरोध प्रकट किया । पंकज शर्मा ने कहा कि इस सड़क के बनते समय जो बड़े-बड़े दावे किए गए थे, उन पर खरा उतरने में ये सड़क नाकाम रही है और इस पर जगह-जगह हुए गड्ढे और पेंचवर्क इसके निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की कहानी स्वयं ही बयां कर रहे हैं । पंकज शर्मा ने कहा कि इस सड़क के निर्माण में हुए करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए तथा इस सड़क को पुनः उसी निर्माण एजेंसी से पैसा लेकर किसी अन्य एजेंसी द्वारा बनवाया जाना चाहिए । पंकज शर्मा ने इस दौरान गांधीजी के गाए सुप्रसिद्ध भजन को एक अनोखे अंदाज में गाया, उन्होंने रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम, ईश्वर-अल्लाह तेरे नाम, भ्रष्टारियों को सन्मति दे भगवान के रूप में नए तरीके से गाकर ईश्वर से भ्रष्टाचारियों को सन्मति देने की प्रार्थना की । पंकज शर्मा ने अंत में कहा कि इस सड़क निर्माण में हुए करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई निरंतर जारी रहेगी और सीहोर में सुनवाई ना होने पर वो अकेले ही इस मामले को भोपाल में उच्चाधिकारियों सहित महामहिम राज्यपाल महोदय तक लेकर जाएंगे और दोषियों को अकेले ही सजा दिलाकर ही दम लेंगे ।








