-शादी में शामिल होने आये थे आरोपी और फरियादी, पार्किंग को लेकर हुआ विवाद
भोपाल(ए.)। भोपाल रेलवे स्टेशन के पास आयोजित एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने पहुंचे निगम कर्मचारी और उसके दो चचेरे भाईयों का पार्किंग को लेकर शादी में आये अन्य युवको से विवाद हो गया। झगड़ा बढऩे पर आरोपियो ने उन पर हथियारों से वार करते हुए मोबाइल भी तोड़ दिया। मामले की शिकायत जीआरपी पुलिस से की गई है। मिली जानकारी के अनुसार कोलार रोड पर रहने वाले विवेक नाहर ने अपनी शिकायत में बताया की वह भोपाल नगर निगम में सफाई दरोगा है। उसके छोला मंदिर थाना क्षेत्र में रहने वाले रिश्तेदार विजय धौलपुरिया की शादी का फंक्शन 23 फरवरी की रात भोपाल रेलवे स्टेशन के पास एक वैवाहिक स्थल पर रखा गया था। शादी में वह भी अपने दो चचेरे भाईयों दीपक नाहर और राहुल नाहर के साथ शामिल होने के लिये आया था। रात करीब 9 बजे वैवाहिक स्थल पर वाहन पार्क करने को लेकर उनका विवाद शादी में ही शामिल होने आये मंगल सोनकर, अर्जुन सोनकर, विक्की सोनकर, सूरज सोनकर, मिथुन सोनकर, भैयू सोनकर और मनोज सोनकर से हो गया था। झगड़ा बढऩे पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए डंडों और छुरी से तीनो पर हमला कर मारपीट की। हमले में दीपक नाहर के चेहरे और पैरो में चोटें आई है। वहीं विवेक को नाक-कान और पैर में और राहुल को सिर में चोट लगी है। आरोप है की मारपीट के दौरान आरोपी अर्जुन सोनकर ने राहुल नाहर की सोने की चेन भी छीन ली और उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपियो के खिलाफ मामला कायम कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरु कर दिये है।








