जबलपुर, । 46 वीं अंतरक्षेत्रीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह खंडवा को 2-0 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव पाया। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के ग्वालियर क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जबलपुर क्षेत्र तृतीय स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के फाइनल में केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर के मोहम्मद शकील परवेज खान ने श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह के तनसुख सोलंकी को सीधे दो सेट में 6-0, 6-1 से पराजित किया व केन्द्रीय कार्यालय के प्रदीप चौधरी ने श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह के सुनील कुमार मर्सकोले को 6-2, 6-1 से पराजित कर अपनी टीम को विजेता बनाया। इससे पूर्व सेमीफाइनल मुकाबलों में केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने ग्वालियर क्षेत्र को और श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह ने जबलपुर क्षेत्र को पराजित किया।
व्यक्तिगत मुकाबलों में श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह के तनसुख सोलंकी ने केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर के प्रदीप चौधरी को 6-2, 6-3 से पराजित कर एकल का खिताब जीता। युगल फाइनल में श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह की जोड़ी जावेद अंसारी व सौरभ श्रीवास्तव ने अपनी टीम के तनसुख सोलंकी व सुमित खडसे को 6-3, 3-6, 10-7 से पराजित किया।
प्रतियोगिता में केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर की ओर से मोहम्मद शकील परवेज खान, डा. एसके वर्मा, प्रदीप चौधरी, महेन्द्र सोनी व आशीष गोस्वामी ने प्रतिनिधित्व किया। केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव राजीव गुप्ता ने केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर के विजेता बनने पर हर्ष व्यक्त करते हुए टीम को बधाई दी।








