अधूरी पड़ी नल जल योजनाओं का कार्य पूर्ण कराए – कमिश्‍नर कृष्ण गोपाल तिवारी

Join Us

आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून व्यवस्था की स्थिति चाक चौबंद रहे

स्कूल की परीक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से होनकल पर लगे प्रभावी अंकुश

कमिश्‍नर श्री तिवारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सभी कलेक्टर्स को दिये निर्देश

नर्मदापुरम/ नर्मदापुरम संभाग कमिश्‍नर श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नर्मदापुरम संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर को निर्देश दिए की वह अपने जिलों की आधी अधूरी नल जल योजना को प्राथमिकता से पूरा कराए,  जिन स्थानों पर जल स्रोत सूख रहे हैं वहां पर राइजर पाइप  डालकर पेयजल व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जाए। कमिश्‍नर ने निर्देश दिए की पुराने जीर्ण-शीर्ण जल स्रोतों का भी पुर्णोद्धार कर पुनर्जीवित किया जाए। सूख चुके कुंए बावड़ी हैंडपंप यहां पर सभी आवश्यक संसाधन लगाकर इन्हें पुनर्जीवित करते हुए पेयजल योग्य बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी जल स्रोतों को चिन्हित कर अधिकारियों के साथ बैठक कर इन्हें चालू अवस्था में रखा जाए। कमिश्‍नर ने निर्देश दिए कि जहां पर पेयजल परिवहन की व्यवस्था की जानी है वह स्थान अभी से चिन्हित कर लिए जाएं। जहां पर ट्यूबवेल एवं बोर फेल हो रहे हैं वहां पर भी पानी की वैकल्पिक स्रोतों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बताया गया कि बैतूल में 19 बसाहटों में पेयजल की समस्या आगामी दिनों में उत्पन्न होगी। वहां पर पेयजल परिवहन कर व्यवस्था बनाई जाएगी।   नर्मदापुरम में ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति ठीक है लेकिन कुछ चिन्हित शहरी क्षेत्र में पेयजल परिवहन की स्थिति बन सकती है। कमिश्‍नर ने कहा कि जल जीवन मिशन में हर घर नल कनेक्शन की स्थिति एवं किए जा रहे कनेक्शन की पोर्टल में एंट्री अनिवार्य रूप से की जाए और आगामी ग्रीष्म ऋतु में पेयजल का संकट उत्पन्न ना हो इसकी कार्य योजना अभी से बना ली जाए।

कमिश्‍नर श्री तिवारी ने निर्देश दिए की गेहूं उपार्जन में शासन द्वारा दिए गए निर्देश एफ ए क्यू का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। किसानों को समझाइश दी जाए कि वे स्वच्छ एवं साफ सुथरा गेहूं लेकर ही उपार्जन केन्द्रों तक आए। कमिश्‍नर ने निर्देश दिए की सभी कलेक्टर्स कृषि विभाग, खाद एवं नागरिक आपूर्ति विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रतिदिन संक्षिप्त समीक्षा बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दें एवं उनकी योजनाओं की समीक्षा कर फीडबैक लेवे।

कमिश्‍नर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र सभी गर्भवती माता, धात्री माता एवं कुपोषित बच्चों का लेखा-जोखा रखें एवं सभी को विभाग की योजनाओं से मिलने वाले लाभ से लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी  अपने निर्धारित समय पर खुलें। कमिश्‍नर ने निर्देश दिए की सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में तीन अनिवार्य चीज बिजली पेयजल एवं स्वच्छता का ध्यान रखा जाए। कलेक्टर स्वयं आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करें एवं सेम एवं मैंम बच्चों तथा कम हाइट के बच्चों एवं बच्चों के वजन तथा पर्याप्त पोषण आहार उन्हें मिल रहा है कि नहीं इसकी जानकारी लें। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं आंगनबाड़ी केंद्र का भ्रमण कर कर सभी व्यवस्थाओं का अवलोकन करूंगा। उन्होंने कहा कि सीएम डेस बोर्ड में सभी विभागों ने अपनी प्राथमिकता डाल रखी है। कलेक्टर सभी विभागों की योजनाओं को देखकर उन योजनाओं में अब तक हुई उपलब्धि की एवं कर्मियों की समीक्षा करें।

कमिश्‍नर श्री तिवारी ने हरदा,  नर्मदापुरम एवं बैतूल जिले के कलेक्टर को निर्देश दिए कि आगामी पर्व एवं त्योहार को देखते हुए सभी कलेक्टर अपने जिलों में कानून व्यवस्था की स्थिति चाक चौबंद रखें। बताया गया कि नर्मदापुरम में राम जी बाबा मेला , तिलक सिंदूर का मेला एवं पचमढ़ी में महादेव मेला,  बैतूल में साल बड़ी एवं भोपाली मेला तथा हरदा में महाशिवरात्रि का मेला एवं नर्मदा परिक्रमा होनी है।

कमिश्‍नर श्री तिवारी ने निर्देश दिए की स्कूल की परीक्षाएं शुरू हो चुकी है। सभी परीक्षाओं का संचालन सुचारु रूप से किया जाए। नकल पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाई जाए। कमिश्‍नर ने निर्देश दिए की जो कर्मचारी निलंबित है एवं उनकी सेवा सेवा बहाली में कोई विधिक रुकावट नहीं है तो ऐसे निलंबित कर्मचारियों को बहाल किया जाए।

कमिश्‍नर ने निर्देश दिए कि राजस्व विभाग अपने बजट का योजनाओं में उपयोग कर ले और यदि बजट अधिक है तो बजट को समर्पित करने की कार्रवाई भी करें। जिन योजनाओं एवं मद में बजट की आवश्यकता है तो शासन स्तर से उन योजनाओं में बजट भी मंगा लिया जाए।

कमिश्‍नर श्री तिवारी ने निर्देश दिए कि सीपीग्राम पोर्टल,  जनसुनवाई,  सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी में प्राप्त प्रकरणों का तत्परता से निराकरण किया जाए एवं इस बात का ध्यान रखा जाए की कोई प्रकरण समय सीमा से बाहर निराकृत ना हो। उन्होंने कहा कि लोकसभा गारंटी में प्राप्त प्रकरण में अनावश्यक विलंब करने वाले अधिकारियों पर पेनल्टी भी अधिरोपित की जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उपायुक्त राजस्व श्री गणेश जायसवाल, संयुक्त आयुक्त विकास श्री जी सी दोहर ऑफलाइन एवं नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीना, बैतूल कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी,  हरदा कलेक्टर आदित्य सिंह  ऑनलाइन उपस्थित रहे।

Previous articleनर्मदापुरम जिला मेलों का जिला है-कलेक्टर
Next articleसभी अनुविभागीय अधिकारी मेले एवं पर्वों की सतत रूप से मॉनिटरिंग करते रहें, कानून एवं शांति व्यवस्था के साथ उचित भीड़ प्रबंधन भी सुनिश्चित करें : कलेक्टर